- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Marnus labuschagne played courageously in his first game says steve smith 3913589
शानदार वनडे डेब्यू पर स्टीव स्मिथ ने की मार्नस लाबुशाने की तारीफ, बताया हिम्मतवाला खिलाड़ी
मार्नस लाबुशाने ने भारत के खिलाफ राजकोट में वनडे डेब्यू किया।
Published On Jan 18, 2020, 03:09 PM IST
Last UpdatedJan 18, 2020, 03:09 PM IST
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की नई सबसे पसंदीदा जोड़ी ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशाने की है। टेस्ट क्रिकेट में धमाल करने के बाद ये दोनों बल्लेबाज पहली बार रंगीन जर्सी में साथ नजर आए, जब भारत के खिलाफ राजकोट वनडे में लाबुशाने ने अपना डेब्यू किया। हालांकि राजकोट में कंगारू टीम को 36 रन से करारी हार झेलनी पड़ी लेकिन स्मिथ ने मैच के बाद लाबुशाने की जमकर तारीफ की।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा, “मेरा मानना है कि मार्नस ने अपने पहले वनडे मैच में अच्छा खेला। वो व्यस्त दिख रहा था और अच्छे रेट से रन बना रहा था, हम उस समय करीब 6 के रन रेट से खेल रहे थे, हम अच्छे शॉट खेल रहे थे। जिस तरह से मार्नस ने अपने पहले मैच में खेला, शुरुआत में ही कुलदीप को मिड ऑफ के ऊपर शॉट मारना दिखाता है कि उसमें कुछ बात है।”
जीत से गदगद कप्तान कोहली बोले- केएल राहुल का इंटरनेशलन स्तर पर ये सर्वश्रेष्ठ पारी थी
स्मिथ ने आगे कहा, “हमें पता है कि वो शानदार फॉर्म में है, वो खूबसूरती से बल्लेबाजी कर रहा लेकिन उस फॉर्म को वनडे में बरकरार रखना अलग बात है। मुझे लगा है कि वो इस मैच में कमाल था। उसने गैप में खेला, विकेट के बीच तेज भागा और कई अच्छे शॉट खेले। जडेजा के खिलाफ कवर्स पर मारा वो एक शॉट बेहद खूबसूरत था और बिल्कुल सहज लग रहा था।”
कैसा था लाबुशाने का वनडे डेब्यू
16वें ओवर में कप्तान एरोन फिंच के आउट होने के बाद क्रीज पर आए लाबुशाने ने रवींद्र जडेजा के खिलाफ एक रन के साथ खाता खोला और फिर अगले ओवर में कुलदीप यादव की गेंद पर मिड ऑफ की ओर स्मिथ के सिर के ऊपर से शानदार चौका लगाया। अपने पहले वनडे मैच में लाबुशाने ने 47 गेंदो पर चार चौकों की मदद से 46 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने टेस्ट टीम के अपने पार्टनर स्मिथ के साथ 96 रनों की अहम साझेदारी बनाई। ऑस्ट्रेलिया भले ही मैच नहीं जीत सकी हो लेकिन लाबुशाने का वनडे डेब्यू अच्छा रहा।