भारत को मिला नया 'स्पीडस्टार', आईपीएल डेब्यू में मयंक यादव ने 155.8 KM/H की गति से फेंकी गेंद
मयंक यादव ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में लगातार अपनी तेज गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान किया. उन्होंने चार ओवर के स्पेल में 27 रन देकर तीन विकेट चटकाए.
Published On Mar 30, 2024, 11:18 PM IST
Last UpdatedMar 30, 2024, 11:18 PM IST
(Image credit-IPLT20.Com)
लखनऊ. आईपीएल 2024 में लखनऊ सुपरजायंट्स के युवा गेंदबाज मयंक यादव ने डेब्यू मैच में अपनी स्पीड से सभी को हैरान कर दिया है. मयंक यादव ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में 155.8 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंदबाजी की. मयंक यादव ने इस मैच में कुल तीन विकेट चटकाए. 21 साल के मयंक यादव इस सीजन आईपीएल में सबसे तेज गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज भी बने हैं, वहीं भारत के लिए आईपीएल में उमरान मलिक के बाद सबसे तेज गेंद करने वाले वह दूसरे गेंदबाज हैं. उमरान मलिक के नाम आईपीएल में 157 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने का रिकॉर्ड है.
मयंक यादव ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में लगातार अपनी तेज गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान किया. उन्होंने चार ओवर के स्पेल में 27 रन देकर तीन विकेट चटकाए. उन्होंने जॉनी बेयरस्टो, प्रभसिमरन सिंह और जितेश शर्मा को अपना शिकार बनाया. पंजाब किंग्स की टीम 200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय बिना किसी नुकसान के 102 रन बना चुकी है. मयंक यादव ने बेयरस्टो को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा और यहां से लखनऊ की टीम ने वापसी की. इस दौरान उन्होंने 12वें ओवर में 155.8 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी.
𝗦𝗽𝗲𝗲𝗱𝗼𝗺𝗲𝘁𝗲𝗿 goes 🔥
𝟭𝟱𝟱.𝟴 𝗸𝗺𝘀/𝗵𝗿 by Mayank Yadav 🥵
Relishing the raw and exciting pace of the debutant who now has 2️⃣ wickets to his name 🫡#PBKS require 71 from 36 delivers
Watch the match LIVE on @JioCinema and @StarSportsIndia 💻📱#TATAIPL |… pic.twitter.com/rELovBTYMz
— IndianPremierLeague (@IPL) March 30, 2024
कौन हैं मयंक यादव ?
21 साल के मयंक प्रभु यादव दाहिने हाथ के तेज गेंदबाज हैं. उन्होंने अब तक फर्स्ट क्लास में एक, लिस्ट ए में 17 और सिर्फ 10 टी-20 मैच खेले हैं. फर्स्ट क्लास में उनके नाम दो, लिस्ट ए में 34 और टी-20 में 12 विकेट है.
एलएसजी ने पिछले आईपीएल सीजन से पहले दिल्ली के युवा खिलाड़ी मयंक यादव को ऑक्शन में 20 लाख रुपये में खरीदा था, मगर मयंक यादव चोट की वजह से पिछले सीजन लखनऊ के लिए नहीं खेल सके. पिछले सीजन उनकी जगह अर्पित गुलेरिया को शामिल किया गया था. इस सीजन अपने पहले ही मैच में मयंक ने अपनी गति से प्रभावित किया है.