add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

UP T20: रिंकू सिंह की टीम ने जीता यूपी टी-20 लीग 2024 का खिताब, यह प्लेयर्स रहे जीत के हीरो

समीर रिजवी की कप्तानी वाली कानपुर सुपरस्टार की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 190 रन बनाए, मेरठ मावेरिक्स की टीम ने आखिरी ओवर में लक्ष्य को हासिल कर दिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - September 15, 2024 8:40 AM IST

लखनऊ. रिंकू सिंह की गैरमौजूदगी में भी उनकी टीम ने यूपी टी-20 लीग 2024 के खिताब पर कब्जा जमा लिया. शनिवार को लखनऊ में खेले गए फाइनल मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स ने समीर रिजवी की टीम कानपुर सुपरस्टार को पांच विकेट से हराकर पहली बार इस लीग की चैंपियन बनीं. रिंकू सिंह दलीप ट्रॉफी में हिस्सा लेने की वजह से फाइनल मैच नहीं खेल सके थे, जिसकी वजह से माधव कौशिक को मेरठ मावेरिक्स की कप्तानी सौंपी गई थी.

मेरथ मावेरिक्स की जीत के हीरो रहे कप्तान माधव कौशिक और 19 साल के बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा, जिन्होंने धमाकेदार पारी खेली. माधव कौशिक ने 43 गेंद में नाबाद 69 रन (दो चौके, पांच छक्के) और स्वास्तिक चिकारा ने 31 गेंद में 62 रन (तीन चौके, पांच छक्के) की पारी खेली. स्वास्तिक चिकारा आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

आखिरी ओवर में जीती मेरठ की टीम

समीर रिजवी की कप्तानी वाली कानपुर सुपरस्टार की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 190 रन बनाए थे, समीर रिजवी ने 36 गेंद में 57 रन, शौर्य सिंह ने 23 गेंद में 56 रन और शोएब सिद्दीकी ने 35 रन की पारी खेली थी. मेरठ मावेरिक्स की टीम ने आखिरी ओवर (19.4) में लक्ष्य को हासिल कर लिया. आखिरी ओवर में मेरठ को आठ रन बनाने थे, कानपुर सुपरस्टार के कप्तान ने मोहसिन खान को गेंदबाजी सौंपी, मगर माधव कौशिक और रितिक वत्स की जोड़ी ने मेरठ की टीम को आसानी से जीत दिला दी. माधव कौशिक ने छक्के के साथ इस मैच को खत्म किया. रितिक वत्स 10 गेंद में 20 रन बनाकर नाबाद रहे. दिव्यांश राजपूत ने 24 रन (20 गेंद) की पारी खेली.

मेरठ मावेरिक्स ने पहली बार जीता खिताब

मेरठ मावेरिक्स ने पहली बार इस खिताब पर कब्जा जमाया है, पिछले सीजन भी टीम फाइनल में पहुंची थी, मगर काशी रुद्रा की टीम के हाथों उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.