- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Meghalaya Batter Akash Choudhary smash fastest ever first-class fifty with eight sixes
खिलाड़ी नहीं तूफान है... लगातार 08 छक्के, सिर्फ 11 गेंद में अर्धशतक, आकाश चौधरी ने रचा इतिहास
आकाश ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक के वायने व्हाइट का रिकॉर्ड तोड़ा. व्हाइट ने 2012 में 12 गेंद पर अर्धशतक लगाया था.
Published On Nov 09, 2025, 06:37 PM IST
Last UpdatedNov 09, 2025, 06:37 PM IST
Akash Choudhary
Akash Choudhary World Record: मेघालय के बल्लेबाज आकाश चौधरी ने रविवार को इतिहास रच दिया. रणजी ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेले जा रहे मैच में रविवार को आकाश ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक लगाया.
आकाश चौधरी फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने और इस प्रारूप का सबसे तेज़ अर्धशतक बनाने वाले केवल तीसरे खिलाड़ी बन गए. उन्होंने 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा करते हुए लगातार आठ छक्के लगाकर यह उपलब्धि हासिल की.आकाश ने अपनी पारी में अरुणाचल के गेंदबाज लिमार डाबी को एक ही ओवर में 6 लगातार छक्के लगाए, अपनी अगली दो गेंदों पर भी आकाश ने छक्का लगाया. आकाश आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए थे. चौधरी ने 14 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए. अर्धशतक बनाने के बाद उन्होंने अगली तीन गेंदे डॉट खेली.
आकाश ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
मेघालय के बल्लेबाज आकाश ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक के वायने व्हाइट का रिकॉर्ड तोड़ा. व्हाइट ने 2012 में 12 गेंद पर अर्धशतक लगाया था. क्लाइव इनमान ने 1965 में 13 गेंद पर अर्धशतक लगाया था. इसके अलावा वह सबसे कम समय में (सिर्फ आठ मिनट) में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बने हैं. क्लाइव इनमान ने 1965 में नौ मिनट में अर्धशतक लगाया था.
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में लगातार 6 छक्के लगाने वाले आकाश चौधरी तीसरे बल्लेबाज हैं. उनसे पहले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रवि शास्त्री और वेस्टइंडीज के गैरी सोबर्स लगा चुके हैं.
मैच की बात करें तो मेघालय ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 628 रन बनाकर अपनी पारी घोषित कर दी, अर्पित भाटेवारा ने 207 रन बनाए. राहुल दलाल ने 144 और किशन लिंगदोह ने 119 रन की पारी खेली. अजय दुहन ने 53 रन बनाए. अरुणाचल प्रदेश की टीम बड़े स्कोर के दबाव में सिर्फ 73 रन पर सिमट गई. लिचा जॉन ने 13, अमित यादव ने 16, अनुराग यादव ने 15 और बिक्की कुमार ने 11 रन बनाए, शेष बल्लेबाज दो अंकों में प्रवेश नहीं कर सके. आर्यन बोरा ने 04, आरोन नॉनग्रुम और दिपू संगमा ने 02-02, और आकाश चौधरी और स्वास्तिक छेत्री ने एक- एक विकेट लिए.