- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Merv Hughes saves Ian Botham from crocodiles in Northern Territory in australia
मछली पकड़ने गए पूर्व क्रिकेटर इयान बॉथम मगरमच्छों से भरी नदी में गिरे, पूर्व तेज गेंदबाज ने बचाई जान
पानी से बाहर निकाले जाने के दौरान नाव के किनारे से टकराने के कारण इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर इयान बॉथम को चोट भी लगी.
Published On Nov 09, 2024, 02:44 PM IST
Last UpdatedNov 09, 2024, 02:44 PM IST
(Image credit- ICC Video X)
मेलबर्न. इंग्लैंड के अपने जमाने के दिग्गज क्रिकेटर इयान बॉथम ने ऑस्ट्रेलिया के उत्तरी क्षेत्र में मगरमच्छों से भरी नदी में गिरने के बाद बाल-बाल बच गए. यह घटना पिछले सप्ताह की है जब 68 वर्षीय इयान बॉथम चार दिवसीय यात्रा के दौरान ह्यूज और अपने कुछ दोस्तों के साथ मछली पकड़ने गए थे. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई प्रतिद्वंद्वी मर्व ह्यूज ने उनकी जान बचाई है. बॉथम ने उन्हें बचाने के लिए अपने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई प्रतिद्वंद्वी मर्व ह्यूज का आभार व्यक्त किया है.
एक रिपोर्ट के अनुसार डार्विन से 200 किमी दक्षिण पश्चिम में स्थित मोयले नदी में नाव बदलते समय बॉथम की चप्पलें रस्सी पर फंस गई और वह नदी में गिर गए. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ह्यूज ने तुरंत ही तेजी दिखाई और कुछ साथी मछुआरों के साथ मिलकर बॉथम को पानी से बाहर निकाल लिया, पानी से बाहर निकाले जाने के दौरान नाव के किनारे से टकराने के कारण बॉथम को चोट भी लगी.
बॉथम ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया पोस्ट
बॉथम ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, मैं मगरमच्छों और बुल शार्क के लिए दिन का निवाला बनने वाला था लेकिन साथियों ने तेजी दिखाकर मुझे पानी से बाहर निकाल दिया, इसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं.
बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया में हैं बॉथम
बॉथम भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैच की सीरीज में कमेंट्री करने के लिए अभी ऑस्ट्रेलिया में हैं. 22 नवंबर से इस सीरीज का पहला मैच पर्थ में खेला जाएगा.