पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुए मिचेल मार्श, कंगारू टीम ने अचानक बदला अपना कप्तान!
Mitchell Marsh Ruled out: पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से मिचेल मार्श बाहर हो गए हैं. उनकी जगह विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंगलिस को नया कप्तान बनाया गया है.
Published On May 26, 2026, 05:38 PM IST
Last UpdatedMay 26, 2026, 05:38 PM IST
ऑस्ट्रेलिया के कार्यवाहक कप्तान मिचेल मार्श पाकिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. टखने की चोट के कारण मिचेल मार्श आईपीएल 2026 के आखिरी मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए नहीं खेले थे. बांग्लादेश के खिलाफ उनकी उपलब्धता अनिश्चित है. ऐसे में जोश इंगलिस को पाकिस्तान दौरे पर टीम की कमान सौंपी गई है. पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज इस्लामाबाद और लाहौर में 30 मई से 4 जून के बीच खेली जाएगी. जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया एक और सीमित ओवरों की सीरीज के लिए बांग्लादेश जाएगा.
जोश इंगलिस बने कप्तान
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मिशेल मार्श टखने की चोट के कारण पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. मार्श की गैरमौजूदगी में विकेटकीपर जोश इंगलिस पाकिस्तान में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करेंगे. मार्श, जो लखनऊ सुपर जायंट्स के आईपीएल सीजन का आखिरी मैच नहीं खेल पाए थे. अगली सूचना तक आगे की जांच और इलाज के लिए पर्थ में ही रहेंगे. बांग्लादेश के व्हाइट-बॉल दौरे के लिए उनकी उपलब्धता को लेकर उचित समय पर फैसला लिया जाएगा.
19 मई को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ मुकाबले के बाद मार्श ऑस्ट्रेलिया लौट गए थे. लेकिन टखने में चोट के कारण पाकिस्तान नहीं जा सके. मिशेल मार्श का सीरीज से बाहर होना ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि इस सीजन मार्श ने बल्ले से जबरदस्त प्रदर्शन किया था.
आईपीएल 2026 में किया है शानदार प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में मिचेल मार्श ने 13 मुकाबलों में 43.30 की औसत के साथ 563 रन बनाए. जिसमें 1 शतक और 3 अर्धशतक शामिल रहे. 22 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 55 रन की पारी खेलने के बाद मार्श ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 111 रन बनाए. इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 90 रन की पारी खेली. आरआर के विरुद्ध अगले मुकाबले में मार्श ने 96 रन बनाए थे.
ऑस्ट्रेलिया के कमजोर दल में पाकिस्तान और बांग्लादेश, दोनों व्हाइट-बॉल दौरों के लिए तेज गेंदबाजों की तिकड़ी (जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस) भी शामिल नहीं होगी. उम्मीद है कि हेड आईपीएल खत्म होने के बाद ही टीम से जुड़ेंगे.
पाकिस्तान दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम: जोश इंगलिस (कप्तान), एलेक्स कैरी, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, मैथ्यू कुहनेमैन, मार्नस लाबुशेन, रिले मेरेडिथ, ओलिवर पीक, मैथ्यू रेनशॉ, तनवीर सांघा, लियाम स्कॉट, मैट शॉर्ट, बिली स्टेनलेक, एडम जांपा