वर्ल्‍ड रिकॉर्ड कायम करने के बाद मिताली बोलीं- 200 महज आंकड़ा है

36 साल की मिताली वनडे क्रिकेट में सात शतक समेत 51.33 की औसत से सर्वाधिक 6,622 रन बना चुकी हैं।

Edited By : Cricket Country Staff |Feb 01, 2019, 06:05 PM IST

Published On Feb 01, 2019, 06:05 PM IST

Last UpdatedFeb 01, 2019, 06:05 PM IST

Mithali Raj (Getty Images)

भारतीय कप्तान मिताली राज शुक्रवार को 200 वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट मैच खेलने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बन गई लेकिन इस धुरंधर खिलाड़ी के लिए 200 वनडे महज एक आंकड़ा है।

पढ़ें: 200 वनडे खेलने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं मिताली राज

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

मिताली ने जनवरी 1999 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में डेब्‍यू किया था। वह शुक्रवार को 50 ओवरों के प्रारूप में अंतरराष्ट्रीय मैचों का दोहरा शतक जमाने वाली पहली महिला बन गई।

36 साल की मिताली वनडे क्रिकेट में सात शतक समेत 51.33 की औसत से सर्वाधिक 6,622 रन बना चुकी हैं।

मिताली ने न्यूजीलैंड से सीरीज 2-1 से जीतने के बाद कहा, ‘200 महज एक आंकड़ा है लेकिन इतना लंबा सफर तय करके अच्छा लग रहा है।’

पढ़ें: हम 3-0 से जीत दर्ज करने की कोशिश करेंगे: मिताली राज

उन्‍होंने कहा, ‘मैंने 1999 से अब तक दुनिया भर में महिला क्रिकेट के विभिन्न चरण देखे हैं। आईसीसी के तहत आने के बाद हमें फर्क पता चला। मुझे खुशी है कि इतने लंबे समय तक देश के लिए खेल सकी।’

‘मेरा लक्ष्‍य सिर्फ देश के लिए खेलना था’

मिताली ने कहा, ‘जब मैने क्रिकेट खेलना शुरू किया था तो मुझे लगा नहीं था कि इतनी दूर तक पहुंच सकूंगी। मेरा लक्ष्य सिर्फ भारत के लिए खेलना भर था लेकिन मैने कभी नहीं सोचा था कि इतने लंबे समय तक खेलूंगी।’

‘मैंने कई बार उतार-चढ़ाव देखे’

पिछले कुछ अर्से में पूर्व कोच रमेश पोवार के साथ मतभेदों के कारण सुर्खियों में रही मिताली ने कहा, ‘जब आपका कैरियर लंबा हो तो कई चीजों का अनुभव होता है। मैंने हालात के अनुरूप अपना खेल बदला है और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप चलने की कोशिश कर रही हूं।’

बकौल मिताली, ‘मैने उतार-चढाव, खुशियां सब देखी है। मैं उन सभी की शुक्रगुजार हूं जिन्होंने इस सफर में मेरा साथ दिया।’

मिताली अपने 200वें मैच में 28 गेंदों में नौ रन ही बना सकी। भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में 149 रन पर आउट हो गई। मिताली ने दूसरे वनडे में नाबाद 63 रन बनाए थे। मिताली 10 टेस्ट और 85 टी20 मैच भी खेल चुकी हैं।

(इनपुट-भाषा)

Editor's Pick