कप्तान मिताली राज ने बताया वह कब छोड़ेंगी क्रिकेट

मिताली राज ने कहा कि वह भारत को एक मजबूत टीम बनाने के बाद ही क्रिकेट छोड़ेंगी।

Edited By : Gunjan Tripathi |Aug 21, 2017, 01:45 PM IST

Published On Aug 21, 2017, 01:45 PM IST

Last UpdatedAug 21, 2017, 01:45 PM IST

मिताली राज  © IANS
मिताली राज © IANS

इंग्लैंड से आईसीसी महिला विश्व कप 2017 की उप विजेता बनकर लौटी महिला क्रिकेट टीम को पूरे देश से प्यार और सम्मान मिल रहा है। जब से टीम इंडिया स्वदेश लौटी है, सभी खिलाड़ी हर दिन किसी ना किसी कार्यक्रम में व्यस्त हैं। हालत तो ये है कि कप्तान मिताली राज ने अब तक अपना बैग भी अनपैक नहीं किया है। हालांकि मिताली और बाकी खिलाड़ी इस तरह अभिवादन को देखकर काफी खुश हैं। इस बारे में कप्तान मिताली का कहना है कि, “पिछले तीन हफ्तों से मैं हर दिन एक नए शहर में हूं और दो-तीन कार्यक्रम में हिस्सा ले रही हूं। इंग्लैंड से घर लौटने के बाद मुझे अपना बैग ठीक से अनपैक करने का मौका भी नहीं मिला।”

उन्होंने आगे कहा, “सभी लड़कियां इसका आनंद ले रही हैं, वो इस सम्मान के योग्य हैं। कुछ समय में हम क्रिकेट के मैदान पर वापस लौटेंगे। लंदन में हम सभी ने छुट्टियों की योजना बनाई थी, कुछ लोग तो एक साथ घूमने जाने वाले थे लेकिन अब हमारे पास समय नहीं है। फाइनल में हारने के बाद हमने इस तरह के स्वागत और अभिवादन के बारे में नहीं सोचा था। लोग महिला क्रिकेट के प्रति सकारात्मक हुए हैं। हम जहां भी जाते हैं महिला क्रिकेट के बारे में लोग अच्छी बातें ही करते हैं। कभी कभी मैं सोचती हूं अगर हम इंग्लैंड से फाइनल जीतकर लौटते तो क्या होता। मुझे यकीन है कि तब हम किसी और ही स्तर पर पहुंच जाते।” [ये भी पढ़ें: नन्ही ‘मिताली राज’ को देखकर खुश हुई भारतीय टीम की कप्तान]

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

मिताली ने कहा कि वह क्रिकेट छोड़ने से पहले भारतीय टीम को मजबूत और बेहतर बनाना चाहती हैं। उन्होंने कहा, “यहां से हम जो भी अंतर्राष्ट्रीय मैच या टूर्नामेंट खेलते हैं, उसमें टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना जरूरी है। मुझे खुशी है कि मैने अपने करियर के दौरान महिला क्रिकेट का ये समय देखा। जब तक मैं फॉर्म में हूं खेलती रहूंगी। मैं युवा खिलाड़ियों को भी तैयार करना चाहती हूं। मैने अपने पिता से कहा है कि मैं जब भी क्रिकेट छोड़ूंगी अपने पीछे एक मजबूत टीम छोड़कर जाउंगी ना कि कमजोर।” मिताली ने कहा कि फिलहाल अगर टीम इंडिया विश्व रैंकिंग में शीर्ष तक पहुंच गई तो वह खुद पर गर्व करेंगी। फिलहाल वह आगामी टी20 विश्व कप पर ध्यान दे रही हैं।

Editor's Pick