डांसर बनना चाहती थी मिताली राज, इस इंसान के कहने पर बदला प्रोफेशन
मिताली अपने करियर में 194 वनडे खेल चुकी हैं, जिसमें उन्होंने 50 की औसत से 6,373 रन बनाए हैं।
Published On Jul 18, 2018, 08:15 PM IST
Last UpdatedJul 18, 2018, 08:15 PM IST
Mithali Raj (File Photo) © Getty Images
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज का सपना डांसर बनना था लेकिन उनके पिता उन्हें क्रिकेट में लेकर आए। मिताली ने गौरव कूपर के शो ‘ब्रेकफास्ट विद चैम्पियंस’ में यह बात कही।
मिताली ने कहा, “मेरी मां मुझे क्रिकेट में नहीं भेजना चाहती थीं, लेकिन मेरे पिता मुझे क्रिकेट में लेकर आए। मेरी मां चाहती थीं कि मैं डांसर बनूं। मैंने क्रिकेट से काफी पहले डांस शुरू कर दिया था। मैं भी इसे पसंद करती थी। मैं डांसर बनना चाहती थी।”
मिताली ने कहा कि वो डांस को काफी पसंद करती थीं और इसका लुत्फ उठाती थीं। उन्होंने कहा, “मैंने डांस करती थी, लेकिन फिर क्रिकेट आया। मेरे माता-पिता को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। दक्षिण भारत के परिवार से आने के कारण क्रिकेट मेरे परिवार में कहीं नहीं था। मेरे परिवार में भी किसी ने क्रिकेट नहीं खेला था। मेरे दादा-दादी को मेरा लड़कों के साथ क्रिकेट खेलना पंसद नहीं था।”
मिताली अपनी कप्तानी में भारत को दो बार महिला क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में पहुंचा चुकी हैं। मिताली अपने करियर में 194 वनडे खेल चुकी हैं, जिसमें उन्होंने 50 की औसत से 6,373 रन बनाए हैं। वनडे में मिताली के नाम छह शतक और 50 अर्धशतक हैं। मिताली ने टेस्ट में 10 मैचों में एक शतक ओर चार अर्धशतक बनाए हैं।
(आइएएनएस इनपुट के साथ)