अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने संन्यास का किया ऐलान, चैंपिंयस ट्रॉफी होगा आखिरी टूर्नामेंट
अफगानिस्तान के इस ऑलराउंडर ने 167 वनडे मैचों में हिस्सा लिया है, जिसमें उन्होंने 147 पारियों में 27.48 की औसत और 86.99 की स्ट्राइक रेट से 3,600 रन बनाए हैं
Published On Nov 12, 2024, 04:26 PM IST
Last UpdatedNov 12, 2024, 04:26 PM IST
(Image credit- ACB Media X)
Mohammad Nabi to retire from ODIs: अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने वनडे क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. पाकिस्तान में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी के बाद वह वनडे क्रिकेट को अलविदा कह देंगे. अफगानिस्तान की बांग्लादेश पर सीरीज जीत के बाद उन्होंने इसका ऐलान किया. 39 साल के मोहम्मद नबी ने कहा, वह पिछले साल के वनडे विश्व कप के बाद से ही इस प्रारूप को छोड़ने के बारे में सोच रहे थे.
प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने जाने के बाद उन्होंने आधिकारिक प्रसारक से कहा, मेरे दिमाग में, पिछले विश्व कप से ही संन्यास का चल रहा था, लेकिन फिर हमने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालीफाई किया और मुझे लगा कि अगर मैं उसमें खेल पाया, तो यह बहुत अच्छा होगा.
वनडे में बनाए हैं 3600 रन, चटकाए हैं 172 विकेट
नबी ने साल 2009 से अब तक 167 वनडे मैचों में हिस्सा लिया है, जिसमें उन्होंने 147 पारियों में 27.48 की औसत और 86.99 की स्ट्राइक रेट से 3,600 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं, वनडे में उनका सर्वोच्च स्कोर 136 रन है. इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने 161 पारियों में 32.47 की औसत और 4.27 की इकॉनमी से 172 विकेट लिए हैं, जिसमें चार बार चार विकेट और एक बार पांच विकेट (5/17) शामिल है.
पहली बार चैंपिंयस ट्रॉफी का हिस्सा होगा अफगानिस्तान
अफगानिस्तान ने पिछले साल के विश्व कप के दौरान छठे स्थान पर रहने की बदौलत चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालीफाई किया. यह अगले साल फरवरी में पाकिस्तान में होने वाली आठ टीमों की प्रतियोगिता में अफगानिस्तान की पहली उपस्थिति भी होगी