×

मोहम्मद शमी का करियर खत्म ! अच्छे प्रदर्शन के बाद भी न्यूजीलैंड सीरीज में नहीं मिला मौका

मोहम्मद शमी आखिरी बार भारत के लिए चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेलते नजर आए थे. इसके बाद से वह लगातार टीम से बाहर चल रहे हैं.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - January 3, 2026 8:13 PM IST

Mohammed Shami Ignored: भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए शनिवार को टीम का ऐलान कर दिया. भारतीय टीम में शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की चोट के बाद वापसी हुई है. वहीं मोहम्मद सिराज भी लंबे समय बाद वनडे टीम में वापस लौटे हैं. हालांकि भारतीय टीम में एक बार फिर अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को मौका नहीं दिया गया. मोहम्मद शमी घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, इसके बाद भी चयनकर्ता लगातार उनकी अनदेखी कर रहे हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम के ऐलान के बाद यह माना जा रहा है कि सेलेक्टर्स मोहम्मद शमी से आगे बढ़ चुके हैं और भारत के इस दिग्गज गेंदबाज का करियर अब लगभग खत्म हो चुका है.

मोहम्मद शमी आखिरी बार भारत के लिए चैंपियंस ट्रॉफी में खेलते नजर आए थे. उन्होंने नौ मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में आखिरी मैच खेला था, उसके बाद से वह लगातार भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं.

घरेलू क्रिकेट में शमी ने किया है शानदार प्रदर्शन

मोहम्मद शमी घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. विजय हजारे ट्रॉफी में बंगाल के लिए खेलते हुए मोहम्मद शमी ने पांच मैच में 11 विकेट चटकाए हैं. इससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मे भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने घरेलू क्रिकेट के पिछले 10 मैच में 23 विकेट लिए हैं, जिसमें दो फोर विकेट हॉल भी शामिल है, इसके बावजूद सेलेक्टर्स उन्हें लेकर कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं, ऐसा लगता है कि चयनकर्ता अब 35 साल के इस गेंदबाज से किनारा कर चुके हैं.

सोशल मीडिया पर भड़के फैंस

मोहम्मद शमी को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में मौका देने को लेकर सोशल मीडिया पर फैंस काफी लंबे समय से डिमांड कर रहे थे. न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्हें इग्नोर करने के बाद फैंस का गुस्सा फूट पड़ा है. सोशल मीडिया पर फैंस ने चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर को निशाने पर लिया है.

मोहम्मद शमी का इंटरनेशनल करियर

भारत के 35 साल के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने भारत के लिए 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी-20 मैच खेले हैं. टेस्ट में उन्होंने 229 और वनडे में 206 विकेट चटकाए हैं. टी-20 के 25 मैच में उनके नाम 27 विकेट है.

TRENDING NOW

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल