×

IPL 2026: मोहम्मद शमी की घातक गेंदबाजी, ऋषभ पंत का अर्धशतक, LSG ने SRH को हराया

157 रन के टारगेट को लखनऊ सुपरजायंट्स ने एडेन मार्करम के 27 गेंदों में 45 रन और कप्तान ऋषभ पंत के 50 गेंदों में नाबाद 68 रनों की बदौलत टारगेट को एक गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - April 5, 2026 8:10 PM IST

SRH VS LSG: मोहम्मद शमी की तूफानी गेंदबाजी के बाद ऋषभ पंत के नाबाद अर्धशतक से लखनऊ सुपरजायंट्स ने आईपीएल 2026 में पहली जीत दर्ज की है. शमी ने ज़बरदस्त 18 डॉट बॉल फेंकीं और चार ओवर में नौ रन देकर दो विकेट लिए, जिससे सनराइज़र्स हैदराबाद की टीम 9 विकेट पर 156 रन तक ही सीमित रह पाई.

लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम ने एडेन मार्करम के 27 गेंदों में 45 रन और कप्तान ऋषभ पंत के 50 गेंदों में नाबाद 68 रनों की बदौलत टारगेट को एक गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया. मोहम्मद शमी को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया. सनराइजर्स हैदराबाद की आईपीएल 2026 में दो मैचों में यह दूसरी हार है.

सनराइजर्स हैदराबाद ने 26 रन पर गंवाए थे चार विकेट

राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने नौ विकेट खोकर 156 रन बनाए. इस टीम की शुरुआत खराब रही, सनराइजर्स हैदराबाद ने 7.1 ओवरों में 26 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिया. मोहम्मद शमी ने अभिषेक शर्मा (00) और ट्रैविस हेड (07) को आउट किया, वहीं प्रिंस यादव ने ईशान किशन (01) को बोल्ड कर दिया. लियाम लिविंगस्टन 14 रन की पारी खेलकर दिग्वेश राठी का शिकार बने.

नितीश कुमार रेड्डी- हेनरिक क्लासेन के बीच शतकीय साझेदारी

चार विकेट जल्दी गिरने के बाद हैदराबाद की टीम की मुश्किलें बढ़ गई, इसके बाद नितीश कुमार रेड्डी ने हेनरिक क्लासेन के साथ पांचवें विकेट के लिए 63 गेंदों में 116 रन की साझेदारी की. नितीश 33 गेंदों में 5 छक्कों और 3 चौकों के साथ 56 रन बनाकर आउट हुए, जबकि क्लासेन ने 41 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 62 रन की पारी खेली, जिससे सनराइजर्स की टीम ने 150 रन का आंकड़ा पार किया.

लखनऊ के लिए मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और आवेश खान ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि दिग्वेश राठी और मणिमारन सिद्धार्थ ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.

एडन मार्करम ने दिलाई LSG को अच्छी शुरुआत

156 रन के टारगेट के जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स को सलामी बल्लेबाज मिशेल मार्श ने एडन मार्करम के साथ 28 गेंदों में 37 रन बनाए. मार्श महज 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद मार्करम ने कप्तान ऋषभ पंत के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी की.मार्करम 27 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 45 रन बनाकर आउट हुए.

ऋषभ पंत ने अर्धशतक लगाकर दिलाई टीम को जीत

ऋषभ पंत ने आयुष बडोनी के साथ तीसरे विकेट के लिए 25 रन जोड़े. बडोनी 9 गेंदों में 12 रन बनाकर चलते बने. इसके बाद पंत ने अब्दुल समद के साथ पांचवें विकेट के लिए 34 रन जोड़कर टीम को जीत के करीब ला दिया. समद (16) के पवेलियन लौटने के बाद पंत ने मोर्चा संभाला, उन्होंने 50 गेंदों में 9 चौकों के साथ 68 रन की नाबाद पारी खेलकर लखनऊ को 19.5 ओवर में जीत दिलाई.

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए हर्ष दुबे ने 2 विकेट चटकाए. इनके अलावा, ईशान मलिंगा और शिवांग कुमार ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.