AUS vs IND: अर्शदीप क्यों नहीं हैं टीम में... मोर्ने मोर्केल ने बता दी टीम इंडिया की सीक्रेट रणनीति
भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केेल ने कहा कि अर्शदीप सिंह भारत के कामयाब गेंदबाज हैं लेकिन टीम की एक खास रणनीति की वहज से ही वह टीम में नियमित जगह नहीं बना पा रहे हैं.
Published On Nov 05, 2025, 03:40 PM IST
Last UpdatedNov 05, 2025, 03:40 PM IST
arshdeep-singh-morkel
कैरारा (गोल्ड कोस्ट): अर्शदीप सिंह टी20 इंटरनेशनल में भारत के सबसे कामयाब गेंदबाज हैं. हालांकि हाल ही में भारत की टीम में उनकी जगह पक्की नहीं हो पा रही है. लेकिन भारत के बॉलिंग कोच मोर्ने मॉर्केल ने इस पर अपनी राय रखी है. मोर्केल ने कहा कि अर्शदीप भी समझते हैं कि ऐसा क्यों हो रहा है. मोर्केल का कहना है कि अर्शदीप समझते हैं कि ऐसा इसलिए हो रहा है कि टीम मैनेजमेंट बड़ी तस्वीर को देखते हुए अलग-अलग कॉम्बिनेशन आजमा रहा है. और अर्शदीप भी इस बात को समझते हैं.
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय हैं अर्शदीप सिंह
अर्शदीप को होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था. उन्होंने शानदार वापसी की. इस मुकाबले में वह प्लेयर ऑफ द मैच बने. गौरतलब है कि अर्शदीप टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 से अधिक विकेट लेने वाले एकमात्र भारतीय गेंदबाज़ हैं.
मोर्कल ने गुरुवार को यहां होने वाले चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से पहले संवाददाताओं से कहा, ‘अर्शदीप अनुभवी हैं और उन्हें पता है कि हम बड़ी तस्वीर को देख रहे हैं और अलग-अलग संयोजनों को आजमा रहे हैं. उन्हें पता है कि वह विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं और उन्होंने पावरप्ले में अधिकतर विकेट लिए हैं.‘
भारतीय टीम अलग-अलग कॉम्बिनेशन आजमा रही है
उन्होंने कहा, ‘हम जानते हैं कि वह टीम के लिए कितने बेशकीमती हैं. लेकिन हमें बाकी कॉम्बिनेशन पर भी ध्यान देने की जरूरत है.’ मोर्केल ने कहा कि अर्शदीप भी इस बात को समझते हैं.’ मोर्कल ने हालांकि माना कि अर्शदीप जैसी क्षमता वाले गेंदबाज के लिए यह आसान नहीं रहा है.
उन्होंने कहा, ‘यह आसान काम नहीं है लेकिन कभी-कभी कड़े फैसले करने पड़ते हैं. हम बस उनसे यही कहते हैं कि वे कड़ी मेहनत करें और जब भी उन्हें मौका मिले, उसके लिए तैयार रहें. टी20 विश्व कप से पहले अब सीमित मैच ही बचे हैं.‘ मोर्कल ने कहा, ‘इसलिए, हमारे लिए यह देखना जरूरी है कि दबाव में खिलाड़ी कैसा प्रदर्शन करते हैं. यह जानने के लिए अलग-अलग कॉम्बिनेशन आजमाना जरूरी है.’