सिर्फ 28 रन की पारी, मगर विराट कोहली ने तोड़ा रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड
विराट कोहली ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ मैच में 18 बॉल में 28 रन की पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया.
Published On Apr 05, 2026, 08:53 PM IST
Last UpdatedApr 05, 2026, 08:53 PM IST
Virat Kohli
Most Runs vs an Opponent in IPL: आईपीएल 2026 में रविवार को आरसीबी और चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम आमने-सामने हुई. इस मैच में आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पर क्रिकेट फैंस की नजरें थी. विराट कोहली ने चेन्नई के खिलाफ धीमी शुरुआत की, मगर उसके बाद कुछ आक्रामक शॉट भी लगाए. वह 18 गेंद में 28 रन की पारी खेलकर आउट हुए. इस पारी के साथ उन्होंने रोहित शर्मा के बड़े रिकॉर्ड को तोड़ दिया है.
विराट कोहली आईपीएल में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. वह रोहित शर्मा से आगे निकल गए हैं. विराट कोहली ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 1174 रन बना लिए हैं. इससे पहले रोहित शर्मा के नाम केकेआर के खिलाफ 1161 रन बनाने का रिकॉर्ड था.
IPL में किसी एक विरोधी टीम के खिलाफ सबसे ज़्यादा रन
1174 – विराट कोहली बनाम CSK
1161 – रोहित शर्मा बनाम KKR
1159 – विराट कोहली बनाम PBKS
1134 – डेविड वॉर्नर बनाम PBKS
1130 – विराट कोहली बनाम DC
जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए कोहली
विराट कोहली ने चेन्नई के खिलाफ मैच में एक नो लुक शॉट भी लगाया. उन्होंने मैट हेनरी की गेंद पर छक्का जड़ा. कोहली ने 28 रन की पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया. कोहली को इस मैच में सात रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला था, जब उनका कैच शिवम दुबे ने छोड़ दिया था, हालांकि कोहली इसका ज्यादा फायदा नहीं उठा सके और पांचवें ओवर में अंशुल कम्बोज की गेंद पर आउट हो गए. कोहली का कैच शिवम दुबे ने ही लपका.
आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं विराट कोहली
विराट कोहली आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. विराट कोहली ने आईपीएल में 269 मैच खेले हैं. 269 मैच की 261 इनिंग में विराट कोहली के नाम 8758 रन है. विराट कोहली ने आईपीएल में आठ शतक और 64 अर्धशतक लगाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 133.20 का है.