IPL 2026: रांची लौटे महेंद्र सिंह धोनी, अब तभी लौटेंगे अगर CSK प्लेऑफ में बनाएगी जगह
महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के बीच में ही रांची लौट गए हैं. अब वह टीम के साथ दोबारा कब जुड़ेंगे यह बड़ा सवाल है.
Published On May 21, 2026, 11:25 AM IST
Last UpdatedMay 21, 2026, 11:25 AM IST
नई दिल्ली: महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में अभी तक एक भी मैच नहीं खेले हैं. 18 मई को जब चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन का अपना आखिरी घरेलू मैच खेल रही थी तब यह कयास लगाए गए थे कि शायद पांच ट्रॉफी जीत चुका यह कप्तान आखिरी बार इस मैदान पर बतौर खिलाड़ी उतरे. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. धोनी तब भी नहीं खेले. और अब धोनी को लेकर एक और अपडेट आया है. धोनी टीम का साथ छोड़कर रांची लौट गए हैं. और आज ही चेन्नई सुपर किंग्स को लीग स्टेज का अपना आखिरी मैच खेलना है. यह मुकाबला गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेला जाएगा. चेन्नई को प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए बड़े अंतर से जीतना ही होगा.
धोनी अपने गृहनगर लौट चुके हैं. हालांकि यह बात भी सामने आई है कि अगर उनकी टीम प्लेऑफ में पहुंच जाती है तो धोनी फिर टीम के साथ जुड़ जाएंगे. चेन्नई सुपर किंग्स इस रेस से बाहर तो नहीं है लेकिन अंतिम चार में उसके पहुंचने की संभावना बहुत कम है. धोनी के घर लौटने की खबर पर खुद टीम के बैटिंग कोच माइकल हसी ने मुहर लगाई है. प्रेस से बात करते हुए हसी ने धोनी की सेहत पर कहा, ‘मैं पुष्टि कर सकता हूं कि धोनी इस वक्त टीम के साथ नहीं हैं. लेकिन हम अगर क्वॉलिफाइ करते हैं तो वह निश्चित रूप से टीम से दोबारा जुड़ेंगे. उनके अंगूठे में थोड़ा दर्द है. वह इससे उबर रहे हैं. हालांकि वह इस मैच के लिए तैयार नहीं हो पाते. हालांकि अगर हम प्लेऑफ में पहुंचेगे तो उम्मीद है कि वह टीम के साथ जुड़ जाएंगे.’
धोनी इस सीजन में कोई मैच नहीं खेले. पिंडली में चोट के चलते वह सीजन में पहले दो सप्ताह के लिए बाहर हुए और फिर वह कोई भी मैच नहीं खेले. सनराइजर्स
हैदराबाद के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स के मैच दौरान धोनी अंगूठे पर टेपिंग लगाकर बैठे हुए थे.
धोनी ने हालांकि कोई मैच नहीं खेला लेकिन वह नेट्स में अकसर प्रैक्टिस करते हुए नजर आए. और मैदान पर कई बार धोनी को खिलाड़ियों के साथ बात करते हुए देखा गया.
मामले को करीब से देख रहे लोगों के लिए धोनी का यूं चले जाना ज्यादा हैरान करने वाला नहीं है. चेन्नई के अलावा जहां भी टीम के मैच थे धोनी टीम के साथ नहीं गए थे. हां, एक अपवाद इसमें लखनऊ रहा. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार के बाद प्लेऑफ में पहुंचने की चेन्नई की उम्मीदों को करारा झटका लगा है.