गोल्फ खेलकर महेंद्र सिंह धोनी ने मनाया राष्ट्रीय खेल दिवस
महेंद्र सिंह धोनी ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर केदार जाधव समेत अपने कुछ दोस्तों के साथ गोल्फ खेला।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुवार को अमेरिका में केदार जाधव के साथ गोल्फ खेली। जाधव ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो साझा की जिसमें धोनी को नए लुक में देखा जा सकता है।
जाधव ने फोटो के कैप्शन में लिखा, "राष्ट्रीय खेल दिवस की आप सभी को सुभकामनाएं। हॉकी के जादूगर ध्यानचंद को याद कर रहे हैं।"
मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन के उपलक्ष्य पर ही भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है।
जाधव वेस्टइंडीज का दौरा कर रही भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं जबकि धोनी ने क्रिकेट से दो महीने का ब्रेक लिया है।
धोनी को हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अगले महीने शुरू हो रहे टी-20 सीरीज के लिए भी टीम में नहीं चुना गया है।
हाल ही में भारतीय सेना की पैराशूट रेजीमेंट के साथ 15 दिन कश्मीर में ट्रेनिंग करने के बाद धोनी रिटायरमेंट की खबरों के बीच अमेरिका में छुट्टी मना रहे हैं।
COMMENTS