संन्यास के बाद भी करोड़ों में है धोनी की कमाई, बिहार-झारखंड के टॉप टैक्सपेयर बने
आयकर विभाग के मुताबिक, भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत आयकर जमा किया.
Published On May 08, 2026, 07:53 PM IST
Last UpdatedMay 08, 2026, 07:53 PM IST
MS Dhoni
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी बिहार और झारखंड दोनों राज्यों को मिलाकर सबसे ज्यादा व्यक्तिगत आयकर जमा करने वाले करदाता बने हैं. आयकर विभाग ने इसकी जानकारी दी है. आयकर विभाग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में उन्होंने सबसे ज्यादा व्यक्तिगत आयकर जमा किया. क्रिकेट से संन्यास के बाद भी धोनी की ब्रांड वैल्यू और कमाई लगातार मजबूत बनी हुई है.
प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त डॉ. डी. सुधाकर राव ने रांची में यह जानकारी देते हुए कहा कि दोनों राज्यों से कुल आयकर संग्रह लगभग 20,000 करोड़ रुपये पहुंच गया है, इसमें से 12,000 करोड़ रुपये सिर्फ झारखंड से जमा हुए. कुल संग्रह का लगभग 70 प्रतिशत टीडीएस से मिला. कॉर्पोरेट क्षेत्र में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL), भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) और CMPDI जैसी कंपनियां टॉप टैक्सपेयर रहीं, लेकिन व्यक्तिगत श्रेणी में भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का मुकाबला कोई नहीं कर सका.
संन्यास के बाद भी जारी है धोनी का जलवा
महेंद्र सिंह धोनी झारखंड की राजधानी रांची में रहते हैं. इससे पहले भी कई साल बिहार- झारखंड के सबसे बड़े टैक्सपेयर रह चुके हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद आईपीएल, ब्रांड एंडोर्समेंट, बिजनेस वेंचर्स (जैसे कार डीलरशिप, हेलीकॉप्टर, फार्मिंग आदि) से होने वाली कमाई पर उन्होंने भारी भरकम टैक्स चुकाया. विभाग ने हालांकि धोनी की जमा किए गए सटीक टैक्स की राशि सार्वजनिक नहीं की, लेकिन यह करोड़ों में होने का अनुमान है. सुधाकर राव ने कहा कि पिछले वित्त वर्ष के दौरान बिहार और झारखंड को मिलाकर एमएस धोनी सबसे ज्यादा व्यक्तिगत टैक्स देने वाले व्यक्ति थे
भारत के सबसे सफल कप्तान हैं धोनी
महेंद्र सिंह धोनी भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक है. धोनी की कप्तानी में भारत ने तीन आईसीसी खिताब जीता है. इसके अलावा उन्होंने अपनी कप्तानी में आईपीएल फ्रैंचाइजी टीम चेन्नई सुपरकिंग्स को पांच ट्रॉफी दिलाई है.
चोट की वजह से आईपीएल 2026 से बाहर हैं धोनी
धोनी को आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले चोट लगी थी, जिसकी वजह से वह इस सीजन एक भी मुकाबला नहीं खेल सके हैं. धोनी की चोट को लेकर अब तक कुछ साफ नहीं हो पाया है, ऐसे में इस सीजन उनके खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है.