- क्रिकेट न्यूज़
- News
- MS Dhoni’s contribution in ICC World Cup is going to be massive, feels Sunil Gavaskar
विश्व कप में महेंद्र सिंह धोनी की भूमिका काफी अहम होगी : गावस्कर
‘‘हमारे पास टॉप ऑर्डर में तीन बेहतरीन बल्लेबाज हैं। यदि वे नहीं चल सके तो धोनी चौथे या पांचवें नंबर पर बड़ा अंतर पैदा करेंगे।’’
Published On May 02, 2019, 05:56 PM IST
Last UpdatedMay 02, 2019, 05:56 PM IST
MS Dhoni @IANS
इंडियन टी20 लीग में चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का प्रदर्शन लाजवाब रहा है। धोनी एक शानदार कप्तान के साथ ही बेहतरीन विकेटकीपर भी हैं जिसकी वजह से दिग्गज उनको विश्व कप में टीम के लिए अहम मान रहे हैं।
भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि विश्व कप में भारत के अभियान में धोनी की भूमिका काफी अहम होगी और उन्होंने यह भी कहा कि यह उनकी खेल की समझ तक ही सीमित नहीं है।
पढ़ें:- ‘धोनी की मैदान पर मौजूदगी से ही विरोधी टीम दबाव में आ जाती हैं’
गावस्कर का मानना है कि 30 मई से शुरू हो रहे विश्व कप में धोनी बड़े स्कोर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने प्रेस ट्रस्ट से कहा, ‘‘हमारे पास टॉप ऑर्डर में तीन बेहतरीन बल्लेबाज हैं। यदि वे नहीं चल सके तो धोनी चौथे या पांचवें नंबर पर बड़ा अंतर पैदा करेंगे।’’
गावस्कर ने कहा, ‘‘हमने धोनी की विकेटकीपिंग काबिलियत देखी लेकिन विकेट के ठीक पीछे से वह स्पिनर्स और दूसरे गेंदबाजों को बताते हैं कि कहां गेंद डालनी है और उसके अनुसार कैसे फील्ड लगानी है।’’
पढ़ें:- जैसे धोनी ने मुझे स्टंप किया वो बिजली की तरह तेज था- श्रेयस अय्यर
धोनी ने आईपीएल के मौजूदा सत्र में 11 मैचों में 358 रन बनाए हैं। बुधवार को दिल्ली के खिलाफ वापसी कर रहे धोनी ने महज 22 गेंद पर 44 रन की शानदार पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने क्रिस मॉरिस के आखिरी ओवर में 21 रन बनाए जिसमें दो छक्के और 1 चौका शामिल था। इसके अलावा उन्होंने विकेट के पीछे तेजी दिखाते हुए दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर को स्टंप भी किया था।
उन्होंने कहा, ‘‘विराट कोहली डीप में या लॉन्ग आन लॉन्ग ऑफ से यह नहीं देख पाते होंगे कि बैकवर्ड प्वाइंट का फील्डर थोड़ा दाहिने या बाएं हो गया है या स्क्वेयर लेग के फील्डर की जगह बदली है। धोनी निश्चित तौर पर कोहली के पूरे समर्थन के साथ ये बदलाव करते हैं।’’
उन्होंने कहा कि धोनी विश्व कप 2011 जीत चुके हैं और इससे उनका अनुभव और कीमती हो जाता है।