- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ms finishes in style at chennai lsg praised marcus stoinis after lsg beat csk in a thriller at chennai
MS ने चेन्नई में कमाल का मैच फिनिश किया- LSG ने CSK पर जीत के बाद अनोखे अंदाज में की तारीफ
मार्कस स्टॉयनिस ने कमाल की पारी खेली. यह रनों का पीछा करते हुए सबसे बड़ा निजी स्कोर था. इस पारी ने चेन्नई के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की सेंचुरी का मजा फीका कर दिया.
Published On Apr 24, 2024, 09:57 AM IST
Last UpdatedApr 24, 2024, 09:57 AM IST
Marcus Stoinis
लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) ने सोमवार को खेले गए मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) को छह विकेट से हरा दिया. लखनऊ की इस जीत में उसके ऑलराउंडर मार्कस स्टॉयनिस (Marcus Stoinis) की पारी का बड़ा योगदान रहा. स्टॉयनिस ने सिर्फ 63 गेंद पर 124 रन की पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 13 चौके और छह छक्के लगाए. चेन्नई ने लखनऊ को 211 रन का टारगेट दिया और इस लक्ष्य को उसने आखिरी ओवर में हासिल कर लिया. यह चेपॉक पर सफलतापूर्वक हासिल किया गया सबसे बड़ा लक्ष्य है.
लखनऊ को आखिरी ओवर में 17 रन की दरकार थी. स्टॉयनिस ने मुस्ताफिजुर रहमान के ओवर की पहली चार गेंदों पर ही ये रन बना दिए. पहली ही गेंद पर स्टॉयनिस ने छक्का लगाया. इसके बाद अगली तीन गेंदों पर लगातार तीन चौके जड़ दिए. इस जीत के बाद लखनऊ ने अपने इस खिलाड़ी की खास अंदाज में सिफारिश की. सुपर जायंट्स ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा- ‘MS ने खास अंदाज में चेन्नई में मैच समाप्त किया.’
इस पारी के बाद स्टॉयनिस ने बताया कि लखनऊ की टीम के पास चेन्नई के कुछ खास गेंदबाजों के लिए खास प्लान था. उन्होंने निकोलस पूरन और दीपक हूडा की भी तारीफ की जिन्होंने पारी के आखिरी ओवरों में आक्रामक पारियां खेलकर उनकी मदद की. आखिरी ओवरों में लखनऊ को तेजी से रन बनाने की जरूरत थी और उसके बल्लेबाजों ने इसे हासिल कर लिया.
स्टॉयनिस ने मैच के बाद कहा, ‘यह सिर्फ आक्रामक बल्लेबाजी करने की बात नहीं थी. यहां बहुत उतार-चढ़ाव था. यहां कुछ ऐसे गेंदबाज थे जिन्हें हमने खास तौर पर निशाना बनाया और कुछ गेंदबाजों के खिलाफ हमने सावधानी बरती. निकोलस पूरन ने अच्छी पारी खेली. हूडा ने भी ऐसा ही किया. यहां बहुत ज्यादा उतार-चढ़ाव था. अपने भीतर आप हमेशा पारी को तैयार करते हैं. आपको कुछ गेंदबाज पसंद होते हैं और कुछ को आप बिलकुल पसंद करते हैं.
इस जीत के साथ लखनऊ की टीम 10 अंकों के साथ अंक-तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है. उसका नेट रनरेट भी +0.148 का है. टीम ने 8 में से 5 मैच जीते हैं. लखनऊ का अगला मैच 27 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ लखनऊ में होगा.