• Home
  • News
  • Mukesh Kumar take 4 wickets against Bihar in Ranji Trophy Match

मुकेश कुमार ने रणजी में बरपाया कहर, सिर्फ 95 रन पर ढेर हुई बिहार की टीम

Mukesh Kumar take 4 wickets: मुकेश कुमार ने 14 ओवर में पांच मेडन के साथ सिर्फ 18 रन खर्च किए और चार बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया

Edited By : Akhilesh Tripathi |Feb 16, 2024, 04:55 PM IST

Published On Feb 16, 2024, 04:55 PM IST

Last UpdatedFeb 16, 2024, 04:55 PM IST

Mukesh Kumar

(Photo-Twitter)

कोलकाता. टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार को रणजी खेलने के लिए इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही टेस्ट सीरीज से भारतीय टीम से रिलीज कर दिया गया है. टीम इंडिया से रिलीज होते ही मुकेश कुमार अपनी टीम बंगाल के लिए रणजी खेलने पहुंचे, जहां उन्होंने अपना जलवा बिखेरा और अपनी ही टीम को निशाने पर लिया. बंगाल की तरफ से खेलते हुए बिहार के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने बिहार की टीम को सिर्फ 95 रन के स्कोर पर समेट दिया. मुकेश कुमार ने चार विकेट चटकाए.

कोलकाता के इडेन गार्डेंस में खेले जा रहे मैच में बिहार की टीम खेल के पहले दिन टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी. तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और सूरज सिंधु जायसवाल की घातक गेंदबाजी के आगे बिहार की टीम 46.4 ओवर में 95 रन पर सिमट गई. मुकेश कुमार ने सिर्फ 18 रन देकर चार विकेट चटकाए. उन्होंने रिषभ राज, बिपिन सौरभ और शाकिबुल गनी जैसे प्रमुख बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. बिहार के सिर्फ तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार सके.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

पहले दिन का खेल खत्म होने तक बिहार के 95 रन के जवाब में बंगाल ने दो विकेट पर 111 रन बनाए हैं. बंगाल की कुल बढ़त 16 रन की हो चुकी है.

बिहार के गोपालगंज के रहने वाले हैं मुकेश कुमार

मुकेश कुमार बिहार के गोपालगंज के रहने वाले हैं और वह घरेलू क्रिकेट में बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हैं. मुकेश के पिता घर का खर्च चलाने के लिए कोलकाता चले गए थे. पिता के साथ रहते हुए मुकेश कुमार ने काफी कठिनाईयों के बाद क्रिकेट में सफलता पाई. साल 2015 में उन्होंने बंगाल के लिए फर्स्ट क्लास में डेब्यू किया और घरेलू क्रिकेट में अपने दमदार प्रदर्शन से टीम इंडिय़ा में जगह बनाई. पिछले साल उन्हें पहली बार टीम इंडिया के लिए चुना गया था.

विशाखापत्तनम टेस्ट में टीम इंडिया का हिस्सा थे मुकेश

मुकेश कुमार ने भारत के लिए तीन टेस्ट, छह वनडे और 14 टी-20 मैच खेले हैं. टेस्ट में उनके नाम सात, वनडे में पांच और टी-20 में 15 विकेट है. वह विशाखापत्तनम टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में टीम का हिस्सा थे, मगर उन्हें इस मैच में सिर्फ दो विकेट मिला था. विशाखापत्तनम टेस्ट में टीम इंडिया को जीत मिली थी. हालांकि इस मैच के बाद उन्हें टीम से रिलीज कर दिया गया था.

Editor's Pick