• Home
  • News
  • Mukul Choudhary statement after Playing Match Winning Innings Against Kolkata Knight Riders

इसे कहते हैं एटिट्यूड... जीत के बाद मुकुल चौधरी का बयान बताता है, बंदे में है दम

लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए धमाकेदार पारी खेलने वाले मुकुल चौधरी ने कहा कि उनका लक्ष्य विकेट पर बस अंत तक टिके रहने का था. इसके साथ ही उन्होंने अपनी बल्लेबाजी पर भी बात की.

Edited By : Bharat Malhotra |Apr 10, 2026, 11:05 AM IST

Published On Apr 10, 2026, 11:05 AM IST

Last UpdatedApr 10, 2026, 11:05 AM IST

Mukul Choudhary batting records

Mukul Choudhary batting records

कोलकाता: चुनौतियों को मुश्किलों की तरह देखा जाता है या मौके की तरह. इसी से रवैये और व्यक्ति की मजबूती का पता चलता है. लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाड़ी मुकुल चौधरी ने इसे मौके की तरह देखा. और भुनाया भी. और इसी वजह से वह हीरो बने. आईपीएल 2026 के 15वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 3 विकेट से हराया. लखनऊ सुपर जायंट्स की इस जीत के नायक 21 वर्षीय बल्लेबाज मुकुल चौधरी रहे. मुकुल ने कहा कि यह मेरे लिए नाम बनाने का मौका था और मैं बस अंत तक क्रीज पर टिके रहना चाहता था.

LSG को जीत दिलाने के बाद उन्होंने कहा, ‘मेरे पिता का सपना था कि उनका बेटा क्रिकेट खेले. मैंने एज-ग्रुप लेवल पर खेलना शुरू किया, लेकिन सिक्किम में अच्छी एकेडमी नहीं थी. मैंने दिल्ली और गुड़गांव में मैच खेले और उससे मुझे काफी मदद मिली. जब मैं अंडर-19 में यूपी के खिलाफ खेल रहा था, तो वह एक लो-स्कोरिंग मैच था और मैंने उसमें अहम योगदान दिया; तभी उन्हें यकीन हो गया था कि मैं आगे चलकर कुछ बड़ा करूंगा. वह मेरा सिर्फ दूसरा ही मैच था.’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

भगवान ने दिया है मौका तो…

उन्होंने आगे कहा, ‘भगवान ने मुझे यह मौका दिया है, इसमें दबाव तो हो सकता है, लेकिन यह अपना नाम बनाने का एक बेहतरीन मौका भी था. मेरा लक्ष्य था कि मैं आखिर तक बैटिंग करूं और देखूं कि क्या होता है. मुझे अपना पहला छक्का भी बहुत पसंद आया. मैंने पिछले दो मुकाबलों में एक भी छक्का नहीं लगाया था, इसलिए यह पहला छक्का मेरे लिए बहुत खास था. मेरे मन में यह बात साफ थी कि चार गेंदों में से कोई एक गेंद तो मेरे जोन में आएगी ही, और मैं बस उसी का इंतजार कर रहा था. बचपन से ही मुझे जमीन के सहारे खेलने के बजाय छक्के लगाना ज्यादा पसंद है.’

मुश्किल में थी लखनऊ लेकिन चौधरी ने निकाला

कोलकाता नाइट राइडर्स से मिले 182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत अच्छी रही. पहले विकेट के लिए मिचेल मार्श और एडेन मार्करम ने मिलकर 41 रन जोड़े. मार्करम 22 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मार्श 15 रन ही बना सके. कप्तान ऋषभ पंत फ्लॉप रहे और 10 रन बनाकर आउट हुए. निकोस पूरन भी सस्ते में पवेलियन लौटे. आयुष बदोनी ने 34 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 54 रन बनाए. 128 के स्कोर पर एलएसजी एक समय पर मुश्किल में दिख रही थी.

हालांकि, इसके बाद 21 वर्षीय बल्लेबाज मुकुल चौधरी ने मोर्चा संभाला और उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों का सामना करते हुए 54 रनों की नाबाद पारी खेली. अपनी इस इनिंग में मुकुल ने 2 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के लगाए. 200 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए मुकुल ने मैच को केकेआर के जबड़े से छीन लिया. उन्होंने आठवें विकेट के लिए आवेश के साथ मिलकर 54 रनों की अटूट साझेदारी निभाई और लखनऊ सुपर जायंट्स को 3 विकेट से जीत दिलाई.

इससे पहले, केकेआर ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 181 रन लगाए. अजिंक्य रहाणे ने 41 रन बनाए, जबकि अंगकृष रघुवंशी ने 33 गेंदों में 45 रन बनाए. वहीं, कैमरून ग्रीन ने 24 गेंदों में 32 रन बनाए, तो रोवमैन पॉवेल ने 24 गेंदों में 39 रनों की नाबाद पारी खेली. ग्रीन और पॉवेल ने 40 गेंदों में 70 रनों की साझेदारी निभाई.

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick