×

फिक्सिंग के आरोपों पर भड़के मुनाफ पटेल, कहा- मेरे खिलाफ सुबूत लाओ फिर बात करो

राजपूताना लीग के एक मैच के अंतिम ओवर में लगे थे फिक्सिंग के आरोप। हुई थी 14 लोगों की गिरफ्तारी।

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Updated on - April 6, 2018 5:39 PM IST

भारतीय टीम का एक तेज गेंदबाज इन दिनों फिक्सिंग के आरोपों को लेकर चर्चा में है। इंडियन एक्‍सप्रेस अखबार में छपी रिपोर्ट में कहा गया कि राजपूताना प्रीमियर लीग-2017 में मैच फिक्सिंग के आरोपों में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में मुनाफ पटेल का नाम भी सामने आया था। राजपूताना प्रीमियर लीग मैच फिक्सिंग कांड की जांच बीसीसीआई ने एंटी करप्‍शन सिक्‍योरिटी यूनिट के तहत राजस्‍थान पुलिस की सीआईडी को सौंपी थी।

[link-to-post url=”https://www.cricketcountry.com/hi/news/ipl-2018-kl-rahul-ready-for-wicketkeeping-challenge-for-kxip-698657″][/link-to-post]

मुनाफ पटेल ने आरोपों पर टाइम्‍स नाऊ से बातचीत के दौरान कहा, ” ये सभी आरोप बेबुनियाद हैं। आप क्रिकेट को पसंद करते हो। आपको ये पता होना चाहिए कि जो खिलाड़ी देश के लिए खेल चुका है, आईपीएल में खेल चुका है वो राजपूताना लीग में मैच फिक्सिंग क्‍यों करेगा।” मुनाफ से रिपार्टर ने पूछा कि आप इस लीग की ओपनिंग सेरेमनी में मौजूद थे। इसपर मुनाफ ने कहा, ” ओपनिंग सेरेमनी में जाने से क्‍या होता है। इसमें बड़ी बात क्‍या है। मुझे अगर पैसा मिलेगा तो मैं वहां नहीं जाउंगा क्‍या?”

सवालों से भड़के मुनाफ ने कहा, ” अब सलमान, शाहरूख आईपीएल में आएंगे तो पैसा लेकर ही आएंगे। ऐसे में अगर आईपीएल में कुछ कांड होता है तो क्‍या उसके लिए सलमान से पूछोगे। मेरा जीवन क्रिकेट के इर्द-गिर्द ही घूमता रहता है। अगर मेरे क्रिकेट पर कुछ इल्जाम लग रहा है तो चाहे सीआईडी हो, सरकार हो या कुछ भी हो मैं उसे छोड़ूंगा नहीं। मेरे खिलाफ कोई सुबूत तो होगा जिसके कारण मेरा नाम इस विवाद में लिया जा रहा है। क्‍या आपके पास मेरे खिलाफ कोई सुबूत है? आपको मुझे कॉल करने के बजाए सीआईडी से बात करनी चाहिए थी।”

इस मामले में पुलिस ने पिछले साल 14 लोगों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से काफी मात्रा में कैश, वाकी टॉकी और लेपटॉप आदि बरामद हुए थे। राजपूताना लीग के एक मैच के अंतिम ओवर में फिक्सिंग के आरोप लगे थे।