- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Musheer khan and Saumy Pandey helps India beat NewZealand by 214 runs in Under 19 World Cup
IND U19 VS NZ U19: मुशीर खान का शतक, सौमी पांडेय की धारदार गेंदबाजी, भारत ने 214 रन से जीता मैच
Musheer khan century: न्यूजीलैंड के खिलाफ सुपर सिक्स मैच में मुशीर खान ने126 गेंदों में 131 रन की पारी खेली, उनकी पारी में 13 चौके और तीन छक्के शामिल है.
Published On Jan 30, 2024, 08:35 PM IST
Last UpdatedJan 30, 2024, 08:35 PM IST
(Photo credit-BCCI)
ब्लोमफोंटेन. मुशीर खान के अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 में दूसरे शतक के बाद सौमी पांडेय की धारदार गेंदबाजी की बदौलत टीम इंडिया की जीत का सिलसिला जारी है. अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 सुपर सिक्स के मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 214 रन से हरा दिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 296 रन का लक्ष्य रखा था, न्यूजीलैंड की टीम सिर्फ 81 रन के स्कोर पर ढेर हो गई. मुशीर खान को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
इससे पहले न्यूजीलैंड की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने अर्शिन कुलकर्णी (09) का विकेट जल्दी गंवा दिया, मगर इसके बाद आदर्श सिंह और मुशीर खान के बीच 77 रन की साझेदारी हुई. आदर्श सिंह ने अर्धशतक जड़ा और 52 रन की पारी खेलकर आउट हुए. इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान उदय सहारन ने मुशीर खान के साथ 87 रन जोड़े. उदय सहारन ने 34 रन की पारी खेली.
मुशीर खान ने जड़ा शतक
कप्तान उदय सहारन का विकेट गिरने के बाद दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे, मगर मुशीर खान ने मोर्चा संभाले रखा और अंडर-19 विश्व कप 2024 में अपना दूसरा शतक जड़ दिया. इससे पहले उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ शतक जड़ा था. अंडर-19 विश्व कप में दो शतक जड़कर उन्होंने शिखर धवन की बराबरी की. उन्होंने अपना शतक 109 गेंदों में पूरा किया और 126 गेंदों में 131 रन की पारी खेलकर आउट हुए. 131 रन की पारी में 13 चौके और तीन छक्के शामिल है. भारतीय टीम ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 295 रन बनाए.
सिर्फ 81 रन पर ढेर हुई न्यूजीलैंड की टीम
न्यूजीलैंड की टीम 296 रन के स्कोर का पीछा करते हुए भारतीय गेंदबाजों के आगे 28.1 ओवर में 81 रन पर ढेर हो गई. राज लिम्बानी ने पहले ही ओवर में न्यूजीलैंड के दो विकेट चटकाए. कप्तान ऑस्कर जॉनसन ने सबसे ज्यादा 19 रन बनाए. भारतीय मूल के स्नेहित रेड्डी खाता भी नहीं खोल सके. सौमी पांडेय ने एक बार फिर इस मैच में कहर बरपाया और चार विकेट झटके. उन्होंने 10 ओवर में दो मेडन के साथ सिर्फ 19 रन देकर चार बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. राज लिम्बानी और मुशीर खान को दो-दो सफलता मिली.