- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Mushfiqur Rahim becomes the first Bangladesh batter to 6000 Test runs
मुशफिकुर रहीम के नाम बड़ी उपलब्धि, टेस्ट में छह हजार रन बनाने वाले पहले बांग्लादेशी खिलाड़ी बने
मुशफिकुर रहीम ने 93 टेस्ट मैच की 172 इनिंग में 38.48 की औसत से 6003 रन बनाए हैं. उनके बल्ले से टेस्ट में 11 शतक और 27 अर्धशतक आए हैं.
Published On Oct 22, 2024, 04:31 PM IST
Last UpdatedOct 22, 2024, 04:31 PM IST
Mushfiqur Rahim 6000 Test runs: बांग्लादेश के अनुभवी खिलाड़ी मुशफिकुर रहीम के नाम बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में उन्होंने अपने टेस्ट करियर के छह हजार रन पूरे किए. ऐसा करने वाले वह पहले बांग्लादेशी खिलाड़ी बने हैं.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में 28 रन बनाते ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में छह हजार रन बनाने का आंकड़ा छू लिया. टेस्ट में बांग्लादेश के लिए ऐसा करने वाले वह पहले खिलाड़ी हैं. तमीम इकबाल इसके बाद दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने टेस्ट में 5134 रन बनाए हैं. शाकिब अल हसन के नाम 4609 रन है.
टेस्ट में मुशफिकुर ने जड़े हैं 11 शतक
मुशफिकुर रहीम ने 93 टेस्ट मैच की 172 इनिंग में 38.48 की औसत से 6003 रन बनाए हैं. उनके बल्ले से टेस्ट में 11 शतक और 27 अर्धशतक आए हैं. उन्होंने श्रीलंका और जिम्बाब्वे के खिलाफ दोहरा शतक लगाया है. हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उन्होंने 191 रन की पारी खेली थी, जिससे बांग्लादेश की टीम ने मैच में जीत दर्ज की थी.
क्या है मैच का हाल ?
इस मैच की बात करें तो दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 101 रन बनाए हैं. मुशफिकुर रहीम 31 रन और महमूदुल हसन जॉय 38 रन बनाकर नाबाद हैं. बांग्लादेश की टीम अभी साउथ अफ्रीका से 101 रन पीछे है. बांग्लादेश की टीम पहली पारी में 106 रन पर सिमट गई थी, जिसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 308 रन बनाए और 202 रन की लीड हासिल की.