एबी डिविलियर्स संन्यास के बाद क्रिकेट के मैदान वापसी के लिए उत्सुक
डिविलियर्स दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग मजांसी सुपर लीग में खेलते नजर आएंगे। टूर्नामेंट के क्रिकेट के मैदान पर कमबैक पर डिविलियर्स काफी उत्साहित हैं।
Published On Oct 26, 2018, 03:54 PM IST
Last UpdatedOct 26, 2018, 03:54 PM IST
AB de Villiers@ians
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज एबी डिविलियर्स संन्यास के बाद क्रिकेट के मैदान पर वापसी करने को तैयार हैं। डिविलियर्स दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग मजांसी सुपर लीग में खेलते नजर आएंगे। टूर्नामेंट के क्रिकेट के मैदान पर कमबैक पर डिविलियर्स काफी उत्साहित हैं।
34 साल के एबी डिविलियर्स ने इसी साल मई में अचानक इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर सबको चौंका दिया था।
स्पोर्ट 24 से बात करते हुए डिविलियर्स ने कहा, ”मैं बहुत ज्यादा उत्साहित हूं। काफी वक्त हो गए हैं मैंने क्रिकेट नहीं खेला लेकिन मैं लय में वापसी करने की कोशिश में हूं। ऐसे ब्रेक मेरे लिए पहले ही आते रहे हैं। ब्रेक के बाद वापसी करना और गेंद के साथ सही संपर्क करना चुनौतीपूर्ण होता है।”
मजांसी लीग के बारे में डिविलियर्स का कहना था ”यह दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट के विकास के लिए बहुत बड़ा कदम है। सभी खिलाड़ी इसकी सफलता के लिए अपने हिसाब से सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे। एक यूनिट को तौर पर हम सिर्फ इस टूर्नामेंट की अच्छी शुरुआत ही नहीं चाहते हैं बल्कि दुनिया के हर कोने में चाहने वालों के लिए मनोरंजक बनाना चाहेंगे।”
मसांजी सुपर लीग की शुरुआत नवंबर में होने जा रही है। यह 16 नवंबर से 16 दिसंबर के बीच खेला जाएगा। इसमें कुल 6 टीमों के बीच 32 मुकाबले खेले जाएंगे। श्वाने स्पार्टन्स की टीम ने एबी डिविलियर्स को मर्की प्लेयर घोषित किया है।
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से 2004 से 2018 तक क्रिकेट खेला। डिविलियर्स के नाम 114 टेस्ट मैच में 8765 रन हैं। 228 वनडे में 9577 रन बनाए हैं। टेस्ट में डिविलियर्स ने 22 जबकि वनडे में 25 शतक बनाए हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहते वक्त डिविलियर्स के खाते में कुल 20 014 रन थे।