×

स्‍टेन रहे खर्चीले, आसिफ अली के 80 रन की धुआंधार पारी से जीता ब्लिट्ज

डरबन हीट की ओर से टेस्‍ट स्पिनर केशव महाराज ने 4 ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट लिए।

user-circle cricketcountry.com Written by Kamlesh Rai
Last Published on - November 18, 2018 6:27 PM IST

आसिफ अली के 33 गेंदों पर खेली गई 80 रनों की धुआंधार पारी की बदौलत केप टाउन ब्लिट्ज ने डरबन हीट को 3 विकेट से हराकर मजांसी सुपर लीग (एमएसएल) में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।

एल्‍बी मोर्कल की कप्‍तानी वाली डरबन हीट की टीम ने 5 विकेट पर 157 रन बनाए। जवाब में डेविड मलान के नेतृत्‍व वाली केप टाउन ब्लिट्ज टीम ने 19.1 ओवर में 7 विकेट पर 158 रन बनाए।

केप टाउन ब्लिट्ज की ओर से पाकिस्‍तान के बल्‍लेबाज आसिफ अली ने 33 गेंदों पर 80 रन की पारी खेली जिसमें 7 चौके और 5 छक्‍के शामिल थे। इसके अलावा ओपनर जेएन मलान ने 26 गेंदों पर 31 रन बनाए जबकि कप्‍तान डेविड मलान ने 12 रन का योगदान दिया।

केशव महाराज ने झटके 3 विकेट

डरबन हीट की ओर से टेस्‍ट स्पिनर केशव महाराज ने 4 ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट लिए वहीं मार्चेंट डी लांज ने 2 विकेट झटके।

सितारों से सजी थी डरबन हीट

डरबन हीट में हाशिम अमला, टेंबा बावूमा, खाया जोंडो, एल्‍बी मोर्कल और वर्नोन फिलैंडर जैसे खिलाड़ी मौजूद थे। बावजूद इसके टीम जीत दर्ज करने में असफल रही। डरबन की ओर से जोंडो ने 42 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए जबकि मोर्कल ने 25 गेंदों पर 45 रन का योगदान दिया।

खर्चीले रहे डेल स्‍टेन

अनुभवी तेज गेंदबाज डेल स्‍टेन इस लीग में केप टाउन ब्लिट्ज टीम की ओर से खेल रहे हैं। उन्‍होंने इस मैच में 4 ओवर में 45 रन लुटाए। स्‍टेन को कोई विकेट नहीं मिला। एनरिक नोर्त्‍जे ने 32 रन देकर चार विकेट लिए।

प्‍वाइंट्स टेबल में केप टाउन ब्लिट्ज टॉप पर  

मौजूदा लीग में केप टाउन ब्लिट्ज टीम  अब तक दो मैच खेल चुकी है और दोनों में उसे जीत हासिल हुई है। ब्लिट्ज 6 टीमों के प्‍वाइंट्स टेबल में  9 अंकों के साथ टॉप पर है।