Mzansi Super League: डकेट की विस्फोटक पारी से जाइन्ट्स जीता
विस्फोटक ओपनर क्रिस गेल और वान डेर डुसेन ने 23-23 रन का योगदान दिया।
Published On Nov 18, 2018, 02:33 PM IST
Last UpdatedNov 18, 2018, 02:33 PM IST
Ben-duckett © Getty Images
कप्तान जेजे स्मट्स की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद बेन डकेट की तेजतर्रार अर्धशतकीय पारी की मदद से नेल्सन मंडेला बे जाइन्ट्स टीम ने जोजी स्टार्स टीम को 5 विकेट से हराकर मजांसी सुपर लीग में धमाकेदार शुरुआत की है।
नेल्सन मंडेला बे जाइन्ट्स टीमने टॉस जीतकर जोजी स्टार्स टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। जोजी स्टार्स ने 7 विकेट पर 124 रन बनाए। कप्तान डेव विलास ने सबसे अधिक नाबाद 38 रन की पारी खेली।
विस्फोटक ओपनर क्रिस गेल और वान डेर डुसेन ने 23-23 रन का योगदान दिया। जाइन्टस की ओर से स्मट्स ने अपने चार ओवर के कोटे में 20 रन देकर 3 विकेट लिए। रेयान मैक्लारेन ने 3 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट लिए।
125 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जाइन्ट्स टीम ने डकेट के 45 गेंदों पर खेली गई 75 रन की शानदार पारी की बदौलत 18 ओवर में 5 विकेट पर 127 रन बनाकर मैच अपने कब्जे में कर लिया।
डकेट ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 5 चौके और 5 छक्के लगाए। जोजी स्टार्स की ओर से हेंड्रिक्स और ली ने दो-दो विकेट बांटे। ओलिविर के खाते में एक विकेट गया।
गेल ने 19 गेंद में 23 रन बनाए
विंडीज के अनुभवी विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल इस मुकाबले में बड़ी पारी खेलने में असफल रहे। उन्होंने 19 गेंदों पर 23 रन बनाए। इस दौरान गेल के बल्ले से 4 चौके और एक छक्का निकला।