मजांसी सुपर लीग: मार्करम का अर्धशतक भी पार्ल रॉक्स को नहीं दिला सका जीत
नेल्सन मंडेला बे जाइंट्स टीम की 6 मैचों में ये चौथी जीत है।
Published On Dec 01, 2018, 03:21 PM IST
Last UpdatedDec 01, 2018, 03:21 PM IST
Aiden-Markram © Getty Images
ओपनर एडेन मार्करम की जूझारू अर्धशतकीय पारी भी पार्ल रॉक्स को नेल्सन मंडेला बे जाइंट्स के खिलाफ जीत नहीं दिला सकी।
मजांसी सुपर लीग (एमएसएल) के तहत खेले गए मुकाबले में जेजे स्मट्स की कप्तानी वाली नेल्सन मंडेला बे जाइंट्स टीम ने फाफ डु प्लेसिस के नेतृत्व वाली पार्ल रॉक्स टीम को 48 रन से हराकर अपनी चौथी जीत दर्ज की।
नेल्सन मंडेला बे जाइंट्स टीम की 6 मैचों में ये चौथी जीत है। 19 अंकों के साथ जाइंट्स टीम आठ टीमों के प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है। उधर पार्ल रॉक्स की 5 मैचों में ये तीसरी हार है। दो मैचों में जीत दर्ज कर पार्ल रॉक्स 9 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है।
जाइंट्स की ओर से रखे गए 169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पार्ल रॉक्स टीम 19.3 ओवर में 120 रन पर ऑलआउट हो गई। उसकी ओर से मार्करम ने 39 गेंदों पर 5 चौकों और एक छक्के की मदद से 50 रन की पारी खेली।
डु प्लेसिस 6 गेंदों पर सात रन बनाकर पवेलियन लौटे। जाइंट्स की ओर से सिसांदा मागला और स्मट्स ने तीन-तीन जबकि क्रिस मॉरिस ने दो विकेट लिए।
जाइंट्स ने 9 विकेट पर 168 रन बनाए थे
हेइनो कुहन के 36 गेंदों पर खेली गई 54 रन की आक्रामक पारी के बूते जाइंट्स ने 9 विकेट पर 168 रन बनाए थे। ओपनर स्मट्स और एम मराइस ने 23-23 रन का योगदान दिया।