This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
मजांसी सुपर लीग: क्विंटन डी कॉक के चौथे टी-20 शतक के बूते ब्लिट्ज जीता
तशवाने स्पार्टंस टीम के कप्तान एबी डिविलियर्स ने टॉस जीतकर फरहान बेहादिन की कप्तानी वाली केप टाउन ब्लिट्ज को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
Written by Kamlesh Rai
Last Updated on - December 2, 2018 1:28 PM IST

विकेटकीपर सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक के चौथे टी20 शतक की बदौलत केप टाउन ब्लिट्ज ने तशवाने स्पार्टंस को 60 रन से हराकर मजांसी सुपर लीग में अपनी पांचवीं जीत दर्ज की।
केपटाउन ब्लिट्ज की ओर से रखे गए 173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एबी डिविलियर्स की कप्तानी वाली तशवाने स्पार्टंस टीम 18.2 ओवर में 112 रन पर ढेर हो गई।
स्पार्टंस की ओर से ओपनर डीन एल्गर ने सबसे अधिक 37 रन बनाए। केप टाउन ब्लिट्ज की ओर से नांद्रे बर्जर और मोहम्मद नवाज ने तीन-तीन विकेट लिए। दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज मालूसी सिबोतो के खाते में दो विकेट गए।
डिविलियर्स ने टॉस जीतकर ब्लिट्ज को दिया पहले बल्लेबाजी निमंत्रण
तशवाने स्पार्टंस टीम के कप्तान एबी डिविलियर्स ने टॉस जीतकर फरहान बेहादिन की कप्तानी वाली केप टाउन ब्लिट्ज को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। बिल्ट्ज की ओर से पारी की शुरुआत करने आए डी कॉक और जानेमन मलान ने 83 रन की साझेदारी कर अपनी टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाई।
मलान 29 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ब्लिट्ज टीम के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। एक छोर पर डी कॉक खूंटा गाड़े खड़े हुए दूसरे छोर पर विकेटों का पतझड़ देखते रहे।
डी कॉक ने 55 गेंदों पर बनाए 108 रन
दक्षिण अफ्रीका के 25 साल के क्विंटन डी कॉक ने 55 गेंदों पर 108 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 5 छक्के लगाए।
ब्लिट्ज के 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके
केपटाउन ब्लिट्ज की ओर से 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। एंडिले फेहलुकवायो, कप्तान बेहारदिन, डेन पीड्ट और डेल स्टेन ने 1-1 रन बनाए। डेविड मलान और मोहम्मद नवाजा ने 2-2 रन बनाकर आउट हुए वहीं आसिफ अली खाता भी नहीं खोल सके। सिबोतो 9 और बर्जर 6 रन पर नाबाद लौटे।
सीन विलियम्स ने लगातार गेंदों पर 2 विकेट झटके
तशवाने स्पार्टंस की आर से सीन विलियम्स ने लगातार दो विकेट झटके। इसके अलावा स्पिनर जीवन मेंडिस और बॉच ने भी दो-दो विकेट अपने नाम किए।
डिविलियर्स का बल्ला रहा खामोश
इस मैच में तशवाने स्पार्टंस को कप्तान डिविलियर्स से अच्छी पारी की उम्मीद थी लेकिन उनका बल्ला खामोश रहा। डिविलियर्स 7 रन बनाकर आउट हो गए। ओपनर क्लोएटे और टी डे जोर्जी ने 16-16 रन बनाए। डी ब्रूएन ने 17 गेंदों पर 10 रन की पारी खेली।
प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर है ब्लिट्ज
बेहारदिन की अगुवाई वाली केपटाउन ब्लिट्ज टीम ने इस लीग के पहले एडिशन में अब तक दमदार प्रदर्शन किया है। ब्लिट्ज ने अब तक खेले अपने छह मैचों में से पांच में जीत दर्ज करते हुए 25 अंक के साथ टॉप पर है। तशवाने स्पार्टंस टीम की छह मैचों में ये चौथी हार है। आठ अंकों के साथ तशवाने स्पार्टंस छठे नंबर पर है।
टी-20 में डी कॉक का ये चौथा शतक है
टी-20 क्रिकेट में क्विंटन डी कॉक का ये चौथा शतक है। डी कॉक ने 146 टी-20 मैचों में अब तक 4 शतक और 21 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 126 रन रहा है। उन्होंने टी-20 में अब तक 4,201 रन बनाए हैं।
