add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

WPL 2026: डी क्लर्क ने गेंद और बल्ले से मचाया कोहराम, आरसीबी की मुंबई इंडियंस पर रोमांचक जीत

आरसीबी के सामने जीत के लिए 155 रन का लक्ष्य था, आरसीबी ने मैच की आखिरी बॉल पर जीत हासिल की.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - January 9, 2026 11:51 PM IST

MIW VS RCBW: नदीन डी क्लर्क के ऑलराउंड प्रदर्शन (चार विकेट, 63 रन नाबाद) की पारी से आरसीबी की जीत ने वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 में जीत के साथ शुरुआत की है. शुक्रवार को टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच में आरसीबी ने रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस को तीन विकेट से हरा दिया.

आरसीबी के सामने जीत के लिए 155 रन का लक्ष्य था, आरसीबी ने मैच की आखिरी बॉल पर जीत हासिल की. आखिरी ओवर में आरसीबी को जीत के लिए 18 रन बनाने थे, नदीन डी क्लर्क ने पहली दो गेंदें डॉट खेलने के बाद तीसरी गेंद पर छक्का, चौथी गेंद चौका, पांचवीं गेंद पर छक्का और आखिरी बॉल पर चौका लगाकर आरसीबी को जीत दिला दी. नदीन डी क्लर्क ने 44 बॉल में 63 रन की पारी में सात चौके और दो छक्के लगाए. नदीन डी क्लर्क को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

155 रन के टारगेट का पीछा करते हुए आरसीबी ने स्मृति मंधाना (18 रन) और ग्रेस हैरिस (25) की पारी से अच्छी शुरुआत की. मगर इन दोनों का विकेट गिरने के बाद टीम लड़खड़ा गई. ऋचा घोष छह रन की पारी खेलकर आउट हुईं. वहीं दयालन हेमलता (07) और राधा यादव (01) ने भी निराश किया. 65 रन के स्कोर पर आरसीबी ने पांच विकेट गंवा दिए थे, इसके बाद नदीन डी क्लर्क और अरुंधति रेड्डी (20 रन) ने 52 रन की साझेदारी कर आरसीबी की वापसी कराई. श्रेयंका पाटिल (01) भी फ्लॉप रहीं. मगर डी क्लर्क ने प्रेमा रावत (चार बॉल में नाबाद आठ रन) के साथ मिलकर आरसीबी की जीत सुनिश्चित की. नदीन डी क्लर्क को इस मैच में कई जीवनदान भी मिले.

सजीवन सजना- निकोला कैरी की पारी से मुंबई ने बनाए 154 रन

इससे पहले सजीवन सजना की 25 गेंद में 45 रन की पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने महिला प्रीमियर लीग के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ छह विकेट पर 154 रन बनाए. सजना ने सात चौके और एक छक्का जड़ने के अलावा पांचवें विकेट के लिए निकोला कैरी (40 रन) के साथ 49 गेंद में 82 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. कैरी ने 29 गेंद की पारी में चार चौके जड़े.

नाडिन डि क्लर्क ने चटकाए चार विकेट

यह साझेदारी ऐसे समय आई जब पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर मुंबई की टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवा रही थी और 11वें ओवर में टीम का स्कोर चार विकेट पर महज 67 रन था. शीर्ष क्रम में गुनालन कमलिनी ने 28 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि मुंबई और भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 20 रनों का योगदान दिया. आरसीबी की ओर से नाडिन डि क्लर्क ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 26 रन देकर चार विकेट झटके और सबसे सफल गेंदबाज रहीं. लॉरेन बेल और श्रेयंका पाटिल को एक-एक विकेट मिला.

लॉरेन बेल के मेडन ओवर से डब्लयूपीएल 2026 की शुरुआत

डब्लयूपीएल 2026 की शुरुआत लॉरेन बेल के मेडन ओवर से हुई, जिसमें मुंबई की सलामी बल्लेबाज अमेलिया केर खाता नहीं खोल सकीं. कमलिनी ने हालांकि दूसरे ओवर में लिंडसे स्मिथ की गेंदों पर दो चौके जड़ते हुए 10 रन बटोरकर पहले ओवर की भरपाई की. केर संघर्ष करती नजर आईं और 11वीं गेंद पर अपना खाता खोल सकीं. पांचवें ओवर में बेल की गेंद पर ही उनकी धीमी पारी का अंत हुआ. बल्लेबाजी के लिए आयी नैट सिवर-ब्रंट (चार) भी ज्यादा देर टिक नहीं सकीं और सातवें ओवर में नाडिन डि क्लर्क की गेंद पर आउट हो गईं. उस समय मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 35 रन था.

कमलिनी 10वें ओवर में श्रेयंका की गेंद को स्टंप्स पर खेल बैठी. अगले ओवर में डि क्लर्क ने हरमनप्रीत को चलता कर मुंबई को चौथा झटका दिया. वह कवर ड्राइव खेलने के प्रयास में विकेटकीपर ऋचा घोष को कैच दे बैठी. सजना ने इसके बाद आक्रामक बल्लेबाजी कर टीम को 19 ओवर में 149 रन तक पहुंचा दिया. वह और कैरी दोनों 20 ओवर में डि क्लार्क की गेंद पर आउट हुई.