• Home
  • News
  • Nathan lyon compares india series to the ashes 4067365

भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज एशेज से कम नहीं : नेथन लियोन

भारत को इस साल चार टेस्ट की श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना है जिसकी शुरुआत तीन दिसंबर को ब्रिसबेन में होगी

Edited By : India.com Staff |Jun 25, 2020, 03:17 PM IST

Published On Jun 25, 2020, 03:17 PM IST

Last UpdatedJun 25, 2020, 03:17 PM IST

भारतीय क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 2018-19 में हुई पिछली टेस्ट श्रृंखला में 2-1 से हराया था और यह 71 साल में पहला मौका था जब टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट श्रृंखला जीती थी. कंगारू टीम के अनुभवी ऑफ स्पिनर नेथन लियोन का कहना है कि भारत के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला एशेज के बराबर है और दिसंबर में उनकी टीम 2018-19 श्रृंखला की हार का बदला चुकता करने के लिए पूरी जान लगा देगी.

लियोन ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फेसबुक पेज पर वीडियो में संवाददाताओं से कहा, ‘निश्चित तौर पर जब आप ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हैं तो मैच या श्रृंखला हारना नहीं चाहते. बेशक कुछ साल पहले भारत ने हमें पछाड़ दिया था. इसलिए इस बार हम उनके यहां आने का इंतजार कर रहे हैं.’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

उन्होंने कहा, ‘यह एशेज के साथ शीर्ष स्तर की श्रृंखला है. बेशक उनकी टीम सुपरस्टार खिलाड़ियों से भरी है और जब इन गर्मियों में वे यहां आएंगे तो यह शानदार चुनौती होगी.’

लियोन उस ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे जिसे 2018-19 में घरेलू टेस्ट श्रृंखला में हार का सामना करना पड़ा था. भारत ने उस समय पहली बार आस्ट्रेलियाई सरजमीं पर टेस्ट श्रृंखला जीती थी.

3 दिसंबर से खेला जाएगा सीरीज का पहला टेस्ट मैच 

भारत को इस साल चार टेस्ट की श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना है जिसकी शुरुआत तीन दिसंबर को ब्रिसबेन में होगी. 32  साल के लियोन पिछले 10 साल से ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष स्पिनर हैं लेकिन यह पहला अवसर है जब उन्हें सत्र पूर्व ब्रेक मिला है और इसका कारण कोरोना वायरस महामारी है.

आगामी टेस्ट श्रृंखला के दौरान लियोन के भारत को कड़ी चुनौती पेश करने की उम्मीद है लेकिन यह गेंदबाज महामारी के कारण ठप्प पड़े क्रिकेट की बहाली को लेकर निश्चित नहीं है.

उन्होंने कहा, ‘हमें पता है कि अंतत: मैचों का आयोजन होगा. हम अच्छी तैयारी कर रहे हैं और घर में बिताए समय का लुत्फ उठा रहे हैं.  अगले महीने ‘जैविक रूप से सुरक्षित’ वातावरण में हो रही इंग्लैंड-वेस्टइंडीज टेस्ट श्रृंखला पर करीबी नजर रखूंगा. मैं सुनिश्चित करूंगा कि टीवी पर मैच देख पाऊं. मैं अलग-अलग खिलाड़ियों को देखूंगा कि वे अपना काम कैसे कर रहे हैं.’

‘मैं क्रिकेट देखने को लेकर उत्सुक हूं’

बकौल लियोन, ‘मैं अंतत: कुछ क्रिकेट देखने को लेकर उत्सुक हूं, मुझे अब इसका अहसास होने लगा है, यह काफी रोमांचक है.’आईसीसी ने गेंद पर लार के इस्तेमाल को प्रतिबंधित कर दिया है और ऐसे में लियोन ने मजाकिया लहजे में कहा कि वह देख सकते हैं कि क्रिकेट दोबारा शुरू होने पर स्पिनर टेस्ट क्रिकेट में गेंदबाजी की शुरुआत करेंगे.

उन्होंने कहा, ‘आपको गेंद पर लार लगाने की स्वीकृति नहीं होगी इसलिए मुझे लगता हे कि स्पिनर गेंदबाजी की शुरुआत कर सकते हैं. यह रोचक होगा. कोविड-19 के जाने के बाद उम्मीद करता हूं कि स्थिति पहले जैसी हो जाएगी.’

Editor's Pick