×

वनडे से बाहर नाथन लियोन को अब भी विश्‍व कप 2019 खेलने की उम्‍मीद

नाथन लियोन टेस्‍ट टीम में ऑस्‍ट्रेलिया के स्‍थाई सदस्‍य है।

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Updated on - November 12, 2018 5:33 PM IST

वनडे टीम से नजरअंदाज किए जाने के बाद भी आस्ट्रेलिया के ऑफ स्पिनर नाथन लियोन को भरोसा है कि वो अगले साल इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप के लिए टीम में शामिल किए जाएंगे। लियोन बीते सात साल से ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए अभी तक सिर्फ 15 वनडे मैच खेले हैं। इस साल उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ दो वनडे मैच खेले थे, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई हालिया वनडे सीरीज में वो टीम का हिस्सा नहीं थे।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई सीरीज में टीम में शामिल न किए जाने के बाद नाथन लियोन ने चयनकर्ताओं से बात की थी। इसके बाद वो जेएलटी शेफील्ड शील्ड क्रिकेट टूर्नामेंट में आगामी भारत और श्रीलंका के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए तैयारी करने लौट गए।

जब उनसे विश्व कप खेलने की उम्मीद के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा निश्चित तौर पर उन्हें विश्व कप खेलने की उम्मीद है। क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू ने लियोन के हवाले से लिखा, “मेरी चयनकर्ताओं से वनडे और टी-20 टीम को लेकर अच्छी चर्चा हुई है। मैं जानता हूं कि सीमित ओवरों में मेरा खेल कहां है। मेरा ध्यान टेस्ट सीरीज पर था। हम सभी जानते हैं कि विश्व के दिग्गज खिलाड़ियों के साथ और विश्व की अच्छी टीमों के खिलाफ खेलना कितनी बड़ी बात है।”

ऑस्ट्रेलिया को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में खेली गई तीन वनडे मैचों की सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। उसे अब 17 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जाने वाले इकलौते टी-20 मैच में जीत की उम्मीद होगी। इस मैच के बाद वो 21 नवंबर से भारत के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की सीरीज का आगाज करेगी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)