अफगानिस्तान टेस्ट में मोहम्मद शमी की जगह सैनी को मौका
भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ 14 जून से उनका डेब्यू टेस्ट मैच खेलना है।
Published On Jun 11, 2018, 06:26 PM IST
Last UpdatedJun 11, 2018, 06:26 PM IST
Mohammad Shami (File Photo) © PTI
पत्नी से विवाद के कारण पिछले कुछ से लगातार परेशानियां झेल रहे भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के लिए सोमवार को एक और बुरी खबर आई। फिटनेस टेस्ट में फेल होने के कारण शमी को 14 जून से शुरू हो रहे अफगानिस्तान के डेब्यू टेस्ट मैच से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह पर अब भारतीय टीम में नवदीप सैनी को जगह दी गई है।
बैंगलोर की नेशनल क्रिकेट अकादमी में शमी को फिटनेस टेस्ट से गुजरने के लिए कहा गया था, जिसमें वो खरे नहीं उतर पाए। भारतीय टीम मैनेजमेंट ने अब मोहम्मद सिराज और रजनीश गुरबानी से ये अनुरोध किया है कि वो टीम के ट्रेनिंग कैंप से जुड़ें और नेट्स में भारतीय बल्लेबाजों को गेंदबाजी कराकर उन्हें अभ्यास कराएं।
टीम मैनेजमेंट की तरफ से उत्तर प्रदेश के अंकित राजपूत से भी भारतीय टीम से जुड़ने का अनुरोध किया गया था। तबीयत ठीक नहीं होने के कारण वो ऐसा नहीं कर सके। ऑल इंडिया सीनियर कमेटी ने इशान किशन को संजू सेमसन की जगह इंडिया ए टीम में जगह दी है। इंडिया ए को आने वाले समय में इंग्लैंड लॉयंस, वेस्टइंडीज ए के खिलाफ खेलना है।
अफगानिस्तान टेस्ट के बाद भारत को आयरलैंड जाकर दो टी-20 मैच खेलने हैं। जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी-20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलने के बाद भारत अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगा।