- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Naveen ul Haq picks up four big wickets in lsg vs mi Eliminator IPL 2023
नवीन उल हक ने बरपाया कहर, रोहित- सूर्या सहित चार बल्लेबाजों को बनाया शिकार
नवीन उल हक ने चार ओवर के स्पेल में 38 रन देकर चार विकेट लिए.
Published On May 24, 2023, 09:18 PM IST
Last UpdatedMay 24, 2023, 09:18 PM IST
Naveen Ul haq (Photo-twitter)
आईपीएल 2023 के एलिमिनेटर मैच में लखनऊ सुपरजांयट्स के तेज गेंदबाज नवीन उल हक ने अपनी गेंदबाजी से कहर बरपा दिया. नवीन उल हक ने इस मैच में चार विकेट अपने नाम किए, जिसमें मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा और विस्फोटक बल्लेबाज सूर्य कुमार यादव का विकेट शामिल था.
नवीन उल हक ने अपने स्पेल के पहले ओवर में ही कप्तान रोहित शर्मा का शिकार किया. चौथे ओवर की दूसरी गेंद जो फुल लेंथ गेंद थी, रोहित उसे पिच तक आकर इनसाइड कवर के ऊपर से मारना चाहते थे, लेकिन गेंद बल्ले पर सही से नहीं आई और कवर पर आयुष बडोनी ने आसान कैच लपक लिया. रोहित शर्मा ने 11 रन की पारी खेली.
एक ही ओवर झटके दो बड़े विकेट:
वहीं दूसरे स्पेल में उन्होंने एक ही ओवर में सूर्य कुमार यादव और कैमरन ग्रीन का विकेट लेकर एक बड़ी साझेदारी का अंत किया. 11वें ओवर की चौथी गेंद पर नवीन उल हक ने सूर्य कुमार यादव को स्लोअर गेंद पर फंसाया.फुल गेंद को नवीन ने स्पिनरों की तरह फ्लाइट किया, जिसे सूर्य कुमार यादव समझ नहीं आए और वह एक कदम आगे निकलकर बॉलर के ऊपर से मारना चाहते थे, गेंद हवा में उठी और लांग ऑफ पर कृष्णप्पा ने आसान कैच लपका. सूर्य कुमार यादव ने 20 गेंद में 33 रन की पारी खेली.
वहीं इसी ओवर की आखिरी गेंद पर कैमरन ग्रीन भी चलते बने. नवीन ने फिर से धीमी गेंद से फंसाया, ऑफ स्टंप की लाइन में धीमी गेंद को ग्रीन ड्राइव करने गए, ऑफ कटर गेंद अंदर की तरफ आई और ग्रीन बोल्ड हो गए. ग्रीन ने 41 रन (23 गेंद) का योगदान दिया.
तिलक वर्मा का किया शिकार:
वहीं अपने स्पेल के आखिरी ओवर में उन्होंने खतरनाक बल्लेबाजी कर रहे तिलक वर्मा को अपना शिकार बनाया. ऑफ स्टंप के काफी बाहर की स्लोअर और ऑफ कटर गेंद पर तिलक वर्मा ने जबरदस्ती बल्ला चलाया और लॉन्ग ऑफ पर दीपक हूडा ने आसान कैच लपक लिया. तिलक वर्मा ने 26 रन (22 गेंद) की पारी खेली. नवीन उल हक ने चार ओवर के स्पेल में 38 रन देकर चार विकेट लिए.
नवीन उल हक आईपीएल में विराट कोहली के साथ तीखी बहस के बाद चर्चा में आए थे, विकेट लेने के बाद उनका सेलिब्रेशन भी काफी कमाल का था.