×

BCCI ने पड़ोसी देश के लिए खोले दरवाजे, भारत में ट्रेनिंग लेगी नेपाल की टीम

नेपाल की टीम का लक्ष्य दिसंबर 2026 तक लीग 2 तालिका के शीर्ष चार में जगह बनाना होगा, जिससे टीम क्रिकेट विश्व कप (सीडब्ल्यूसी) के क्वालीफायर में जगह बना सके

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - August 12, 2024 6:24 PM IST

काठमांडू. नेपाल क्रिकेट टीम कनाडा में होने वाली ‘क्रिकेट विश्व कप लीग 2 सीरीज’ की तैयारियों के तहत बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में प्रशिक्षण लेगी. नेपाल की टीम त्रिकोणीय सीरीज खेलने के लिए कनाडा जाने से पहले दो सप्ताह के लिए एनसीए में अभ्यास करेगी। इस सीरीज में कनाडा और नेपाल के साथ ओमान की टीम भी भाग लेगी, नेपाल इस समय लीग 2 तालिका में छठे स्थान पर हैं.

नेपाल क्रिकेट संघ ने सोमवार को X पर लिखा, आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग 2 के लिए तैयारी सीरीज से पहले नेपाल की टीम एनसीए जा रही है, बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में दो सप्ताह तक प्रशिक्षण से हमारे खिलाड़ियों के कौशल और रणनीति में सुधार आएगा, आइए उन्हें शुभकामनाएं दें.

टी-20 विश्व कप से पहले नेपाल ने भारत में खेला था अभ्यास मैच

नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल, दीपेंद्र सिंह ऐरी और संदीप लामिछाने हाल ही में कनाडा में ग्लोबल टी20 लीग में खेल रहे थे. नेपाल ने अमेरिका में खेले गये टी20 विश्व कप से पहले भारत में कुछ अभ्यास मैचों में भाग लिया था, टीम ने इस दौरान वापी में गुजरात और बड़ौदा के खिलाफ खेला था.

नेपाल की टीम का लक्ष्य दिसंबर 2026 तक लीग 2 तालिका के शीर्ष चार में जगह बनाना होगा, जिससे टीम क्रिकेट विश्व कप (सीडब्ल्यूसी) के क्वालीफायर में जगह बना सके. शीर्ष चार में जगह बनाने में विफल रहने पर टीम को सीडब्ल्यूसी क्वालीफायर प्लेऑफ खेलने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जहां से शीर्ष चार टीमें सीडब्ल्यूसी क्वालीफायर में जगह बनाएंगी.

इनपुट- भाषा