add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

T20 World Cup 2026: कनाडा पर धमाकेदार जीत के बाद सुपर 8 में न्यूजीलैंड, युवराज की सेंचुरी गई बेकार

न्यूजीलैंड ने कनाडा को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 में जगह बना ली है. कनाडा ने युवराज सामरा के शतक की मदद से 4 विकेट पर 173 रन का स्कोर बनाया था. इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने रचिन रविंद्र और ग्लेन फिलिप्स के आतिशी अर्धशतकों की मदद से 15.1 ओवर में ही 2 विकेट पर 176 रन बनाकर मैच जीत लिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - February 17, 2026 2:52 PM IST

कनाडा के बल्लेबाज युवराज समरा टी20 विश्व कप में शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने. लेकिन इसके बाद भी कनाडा की टीम उलटफेर नहीं कर पाई. यह उलटफेर करने के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुई क्योंकि न्यूजीलैंड ने ग्लेन फिलिप्स की तूफानी पारी के दम पर मंगलवार को यहां ग्रुप डी के मैच में कनाडा को 29 गेंद शेष रहते हुए आठ विकेट से हराकर सुपर आठ में अपनी जगह पक्की की.

भारत के विश्व कप विजेता ऑलराउंडर युवराज सिंह के नाम पर 19 वर्षीय समरा का नाम रखा गया था और उन्होंने अपने नाम को सही साबित करते हुए आखिरी ओवर में आउट होने से पहले 65 गेंद पर 110 रन बनाए जिसमें 11 चौके और छह छक्के शामिल हैं. उनकी इस पारी की मदद से कनाडा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 173 रन बनाए.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

T20 World Cup 2026 POINTS TABLE

फिलिप्स ने खेली ताबड़तोड़ पारी

फिलिप्स की 36 गेंद पर चार चौकों और छह छक्कों की मदद से खेली गई नाबाद 76 रन की पारी तथा रचिन रविंद्र (39 गेंद पर नाबाद 59) के साथ उनकी 146 रन की अटूट साझेदारी की मदद से न्यूजीलैंड ने 15.1 ओवर में दो विकेट पर 176 रन बनाकर कनाडा के स्कोर को बौना साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और शान से राउंड में जगह बनाई. न्यूजीलैंड ने चार मैच में छह अंक के साथ ग्रुप चरण के अपने अभियान का समापन किया. वह ग्रुप डी में दक्षिण अफ्रीका के बाद दूसरे स्थान पर है.

न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने चौथे ओवर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट (06) और फिन एलन (21) के विकेट गंवा दिए. एलन ने दिलन हेइलिगर पर चौका और छक्का लगाया लेकिन इसी गेंदबाज ने अगले ओवर में उन्हें पवेलियन की राह दिखा दी. न्यूजीलैंड ने पावरप्ले में दो विकेट पर 60 रन बनाए.

T20 World Cup 2026: सुपर-8 में कैसे पहुंचेगा ऑस्ट्रेलिया, अब वाकई ‘भगवान भरोसे’ है पूर्व वर्ल्ड चैंपियन

फिलिप्स ने 22 गेंद पर पूरी की हाफ सेंचुरी

मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए फिलिप्स ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और कनाडा के अनुभवहीन आक्रमण की धज्जियां उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. उन्होंने पारी के 11वें ओवर में अंश पटेल पर दो छक्के लगाकर केवल 22 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जो टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड की तरफ से नया रिकॉर्ड है. उन्होंने आरोन रेडमंड का 2009 में आयरलैंड के खिलाफ और वर्तमान टूर्नामेंट में सीफर्ट का यूएई के खिलाफ 23 गेंद में हाफ सेंचुरी बनाने के रिकॉर्ड को तोड़ा.

टूर्नामेंट में इससे पहले रन बनाने के लिए जूझ रहे रविंद्र ने शिवम शर्मा पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया और सुपर आठ के महत्वपूर्ण मुकाबलों से पहले फॉर्म में वापसी की. उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के और चार चौके लगाए जिसमें विजयी चौका भी शामिल है.

19 साल के युवराज ने किया कमाल, टी20 वर्ल्ड कप में सबसे युवा सेंचुरियन

युवराज ने सिर्फ 19 साल की उम्र में लगाई सेंचुरी

इससे पहले युवराज टूर्नामेंट में 19 साल और 141 दिन की उम्र में हाफ सेंचुरी बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बने थे जिसमें उन्होंने अब नया अध्याय जोड़ा. यह तीसरा अवसर है जबकि कनाडा के किसी खिलाड़ी ने इस टूर्नामेंट में 50 या इससे अधिक रन बनाए.

युवराज ने कप्तान दिलप्रीत बाजवा (39 गेंद पर 36) के साथ पहले विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी करके कनाडा को शानदार शुरुआत दिलाई. उन्होंने लॉकी फर्ग्यूसन (निजी अवकाश) और मिशेल सेंटनर (अस्वस्थ) की गैर मौजूदगी का पूरा फायदा उठाया.

यह पहला अवसर है जबकि किसी असोसिएट देश के बल्लेबाज ने टी20 विश्व कप में शतक लगाया. उनकी इस पारी के दम पर कनाडा इस टूर्नामेंट में अपना दूसरा सर्वोच्च स्कोर बनाने में सफल रहा.

युवराज को मिला किस्मत का साथ

न्यूजीलैंड को अपने तेज गेंदबाजों पर भरोसा था लेकिन युवराज ने उनकी एक नहीं चलने दी. कीवी टीम की तरफ से जैकब डफी, काइल जैमीसन, मैट हेनरी और जेम्स नीशम ने एक एक विकेट लिया. युवराज ने पहले ओवर में ही तेज गेंदबाज हेनरी पर लगातार दो चौके लगाए और इसके बाद पावरप्ले के आखिरी ओवर में नीशम की जमकर धुनाई करते हुए 18 रन बटोरे. इस ओवर की आखिरी चार गेंद पर उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया. कनाडा ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 50 रन बनाए.

युवराज ने महज 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. भाग्य ने भी उनका साथ दिया. जब वह 91 रन पर खेल रहे थे तब हेनरी डीप एक्स्ट्रा कवर पर उनका कैच लेने में नाकाम रहे. इसके बाद जब वह 107 रन पर खेल रहे थे तब भी उन्हें जीवनदान मिला. न्यूजीलैंड को अंतिम तीन ओवरों में कुछ राहत मिली, जिसमें उन्होंने केवल 23 रन दिए और दो विकेट लेकर कनाडा को 180 रन से अधिक के स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया.

एजेंसी- भाषा

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/