Bharat Malhotra
Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम का हिस्सा हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. साल 2008 में आ ...Read More
Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - January 19, 2026 1:06 PM IST

हर्षित राणा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार जिस तरह का खेल दिखाया उसकी खूब तारीफ हो रही है. भारत को हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी मैच में हार मिली. और इसके साथ ही न्यूजीलैंड ने भारत में पहली बार वनडे सीरीज जीती. लेकिन टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कृष्णमनचारी श्रीकांत ने राणा की बल्लेबाजी की तारीफ की है.
रविवार, 18 जनवरी को इंदौर के होलकर स्टेडियम पर खेले गए मैच में भारतीय टीम को 41 रन से हार मिली. लेकिन राणा की बल्लेबाजी ने एक वक्त पर न्यूजीलैंड को बहुत मुश्किल में डाल दिया था. कीवी गेंदबाजों को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर उन्हें रोका कैसे जाए.
338 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही भारतीय टीम का स्कोर एक वक्त पर छह विकेट पर 178 रन था. तब मैच भारत के हाथ से निकल चुका था. ऐसे वक्त पर हर्षित क्रीज पर उतरे. उन्होंने खूब आक्रामक बल्लेबाजी करने का फैसला किया. 24 साल के इस खिलाड़ी ने विराट कोहली के साथ मिलकर भारतीय पारी को संवारने का काम किया. हर्षित ने सिर्फ 41 गेंद पर अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की. इन दोनों की साझेदारी ने भारत के लिए मैच में उम्मीदें जगा दीं. हर्षित ने 43 गेंद पर 52 रन की पारी खेली. हालांकि भारतीय टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई और आखिर में उसे 41 रन से मैच में हार मिली.

अपने यूट्यूब चैनल ‘चीकी चीका’ में इस पूर्व चीफ सिलेक्टर ने कहा कि राणा बहुत ही आसानी से छक्के लगा रहे थे और उनकी बल्लेबाजी ने न्यूजीलैंड को बैकफुट पर धकेल दिया था. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने श्रीकांत को खूब प्रभावित किया.
‘हर्षित राणा ने असल में मैच बदल दिया था. वह जिस अंदाज में खेल रहे थे उससे न्यूजीलैंड की टीम बैकफुट पर आ गई थी. उन्हें अंदाजा ही नहीं था कि आखिर राणा को कैसे रोका जाए. हर्षित की बल्लेबाजी ने विराट कोहली को भी राहत दी.
के. श्रीकांत- भारत के पूर्व कप्तान
उन्होंने कहा, ‘विराट कोहली राजाओं के राजा हैं. उन्हें सलाम है. क्या कमाल की पारी थी. अगर आप स्कोरकार्ड को देखें और देखें कि विकेट कब-कब गिरे, तो आप पाएंगे कि ये लगातार गिरते रहे. स्कोर /2/45, 3/68 और 4/71 हो गया. नीतीश कुमार रेड्डी आए और उन्होंने पारी को संभाला. और बाद में उन्होंने छक्के भी लगाए. लेकिन मैच को असल में बदलने वाले हर्षित राणा थे. जिस तरह से राणा बल्लेबाजी कर रहे थे न्यूजीलैंड के खिलाड़ी कांप रहे थे. मैं राणा की बल्लेबाजी देखकर हैरान हूं और वह जिस स्तर पर खेल रहे थे वह कमाल था. न्यूजीलैंड के खिलाड़ी सही मायनों में हिल गए थे और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि क्या किया जाए. वह बहुत आसानी से छक्के लगा रहे थे और उनकी बल्लेबाजी कमाल थी.’
| मैच | मैदान | नतीजा |
| भारत बनाम न्यूजीलैंड, पहला वनडे, 11 जनवरी | वडोदरा | भारत 4 विकेट से जीता |
| भारत बनाम न्यूजीलैंड, दूसरा वनडे, 14 जनवरी | राजकोट | न्यूजीलैंड 7 विकेट से जीता |
| भारत बनाम न्यूजीलैंड, तीसरा वनडे, 18 जनवरी | इंदौर | न्यूजीलैंड 41 रन से जीता |
श्रीकांत ने आगे कहा, ‘विराट कोहली और हर्षित राणा ने जो 99 रन जोड़े उसमें से राणा ने 52 रन बनाए. ये 52 रन बहुत अहम थे. और इन्होंने विराट कोहली को भी एक उम्मीद दी. भले ही उस समय रिक्वायर्ड रन-रेट 11 से ऊपर का था. राणा की हिटिंग ने इसे 10 तक पहुंचाया और न्यूजीलैंड की टीम डर गई. न्यूजीलैंड के कप्तान भी डर गए थे.’
श्रीकांत अब हर्षित राणा के खेल की तारीफ कर रहे हैं लेकिन कभी वह खुलकर उनकी आलोचना भी कर चुके हैं. श्रीकांत ने पूछा था कि आखिर राणा टीम में क्यों हैं. उन्होंने कहा था कि वह गौतम गंभीर के यस-मैन होने की वजह से ही भारतीय टीम का हिस्सा हैं.
This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
Strictly Necessary Cookie should be enabled at all times so that we can save your preferences for cookie settings.
If you disable this cookie, we will not be able to save your preferences. This means that every time you visit this website you will need to enable or disable cookies again.
