×

न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका -पहला दिन: मजबूत स्थिति में न्यूजीलैंड, गुप्टिल का शतक

केन विलियमसन और ब्रैंडन मैकुलम ने भी जमाए अर्धशतक

user-circle cricketcountry.com Written by Jay Jaiswal
Last Updated on - December 29, 2015 6:29 PM IST

गुप्टिल ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट का पहला शतक जमाया © Getty Images
गुप्टिल ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट का पहला शतक जमाया © Getty Images

डूनेडिन। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में पहले दिन न्यूजीलैंड मजबूत स्थिति में पहुंच चुका है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने 8 विकेट खोकर 409 रन बना लिये हैं। न्यूजीलैंड के लिए मार्टिन गुप्टिल ने शानदार शतक जमाते हुए 156 रनों की पारी खेली। गुप्टिल के अलावा केन विलियमसन ने 88 और कप्तान ब्रेंडन मैकुलम ने 75 रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए डग ब्रेसवेल और नील वागनर अभी भी क्रीज पर मौजूद हैं। श्रीलंका के लिए नुआन प्रदीप, सुरंगा लकमल और दुष्मंथा चमीरा ने दो-दो विकेट लिये जबकि कप्तान एंजेलो मैथ्यूज और मिलिंदा सीरीवर्धना ने एक-एक विकेट चटकाए।

इससे पहले आज सुबह मेहमान श्रीलंका ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। न्यूजीलैंड को गुप्टिल और टॉम लिथम ने सधी हुई शुरूआत देते हुए पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े। इसके बाद गुप्टिल और केन विलियमसन दूसरे विकेट के लिए 173 रनों की साझेदारी कर न्यूजीलैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसी दौरान गुप्टिल ने टेस्ट क्रिकेट में अपना तीसरा और श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला शतक जमाया। गुप्टिल ने आउट होने से पहले 234 गेंदों में 21 चौकों की मदद से 156 रनों की पारी खेली। मैच के पहले दिन भले ही गुप्टिल ने शतक जमाया हो लेकिन पहले दिन के खेल का मुख्य आकर्षण रही कप्तान ब्रैंडन मैकुलम की बल्लेबाजी। मैकुलम ने डूनेडिन टेस्ट के पहले दिन टी-20 अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। मैकुलम ने तेजी से रन बनाते हुए सिर्फ 57 गेंदों पर 75 रनों की पारी खेली। 75 रनों की पारी में मैकुलम ने 13 चौके और 1 छक्का लगाया।

पूरे दिन संघर्ष करने वाले श्रीलंकाई गेंदबाजों ने मैच के अंतिम सत्र में जल्दी- जल्दी 4 विकेट चटकाकर मैच में वापसी की उम्मीद जगाई है। लेकिन न्यूजीलैंड ने खेल के पहले दिन ही स्कोरबोर्ड पर चार सौ से ज्यादा रन टांग कर श्रीलंका को बैकफुट पर ला दिया है।

TRENDING NOW