×

SL-W vs NZ-W: अंपायर्स से हुआ बड़ा ब्लंडर, गेंदबाज ने 10 की जगह फेंक दिए 11 ओवर

ईडन कार्सन ने 45वें ओवर की समाप्ति पर 2/40 के आंकड़े के साथ अपना 10 ओवर कोटा पूरा किया लेकिन 47वें ओवर में एक बार फिर गेंदबाजी करने आ गई.

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Published on - July 1, 2023 2:03 PM IST

वनडे इंटरनेशनल मैच में एक गेंदबाज को अधिकतम 10 ओवर फेंकने की इजाजत होती है लेकिन हाल ही में खेले गए एक वनडे मैच में ऑन-फील्ड अंपायरों से एक बड़ी गलती हो गई जिसके चलते एक गेंदबाज ने 10 की जगह 11 ओवर फेंक दिए. हालांकि इस बड़ी गलती का मैच के नतीजे पर कोई खास असर नहीं पड़ा लेकिन इस घटना ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.

दरअसल, 30 जून को, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच आईसीसी महिला चैम्पियनशिप का वनडे मैच गाले में खेला गया. न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 329/7 रनों का स्कोर लगा दिया. एमिली केर और कप्तान सोफी डिवाइन ने शानदार शतक ठोके. इसके बाद श्रीलंका की बल्लेबाजी की बारी आई तो ऑफ स्पिनर ईडन कार्सन ने 7वें ओवर में ओपनर हर्षिता समाराविक्रमा का विकेट झटक लिया. कार्सन ने दूसरा शिकार कविशा दिलहारी का 43वें ओवर में किया.

उन्होंने 45वें ओवर की समाप्ति पर 2/40 के आंकड़े के साथ अपना 10 ओवर कोटा पूरा किया लेकिन 47वें ओवर में एक बार फिर गेंदबाजी करने आ गई. मैदान पर मौजूद अंपायरों का इस तरफ कोई ध्यान नहीं गया और इस तरह कार्सन ने वनडे मैच में 11 ओवर फेंकने का अनोखा कारनामा कर दिया. कार्सन ने 11 ओवर गेंदबाजी में 41 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए जिसमें एक 1 मेडन ओवर भी शामिल रहा.

 

श्रीलंका की टीम 50 ओवर भी पूरे नहीं खेल पाई और 213 रनों पर ढेर हो गई. इस तरह न्यूजीलैंड ने 116 रनों से ये मुकाबला अपने नाम कर लिया. कीवी गेंद ली ताहुहू ने सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए.