- क्रिकेट न्यूज़
- News
- No communication from Rohit Sharma on playing Vijay Hazare Trophy for Mumbai Says MCA official
क्या रोहित शर्मा विजय हजारे ट्रॉफी का हिस्सा होंगे ? मुंबई क्रिकेट संघ ने दिया अपडेट
रोहित शर्मा ने हाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में मिली जीत के दौरान नाबाद 121 रन बनाए थे, इसके बाद उन्होंने तीन मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में 73 रन की पारी खेली थी
Published On Nov 12, 2025, 08:51 PM IST
Last UpdatedNov 12, 2025, 08:51 PM IST
Rohit sharma big record
MCA official on Rohit Sharma: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने साफ निर्देश दिया है कि अगर प्लेयर्स को राष्ट्रीय टीम में खेलना है तो उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलना होगा. बीसीसीआई का यह निर्देश रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ियों को एक संदेश है. दोनों दिग्गज हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा थे, हालांकि दोनों की वनडे टीम में जगह पक्की नहीं है. इस बीच मुंबई क्रिकेट संघ ने रोहित शर्मा की उपलब्धता को लेकर बड़ा अपडेट दिया है.
मुंबई क्रिकेट संघ ने कहा है कि पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अभी तक मुंबई क्रिकेट संघ को देश की प्रमुख 50 ओवर की प्रतियोगिता, विजय हज़ारे ट्रॉफी के लिए अपनी उपलब्धता की सूचना नहीं दी है. विजय हजारे ट्रॉफी 25 दिसंबर से 18 जनवरी तक अहमदाबाद, राजकोट, जयपुर और बेंगलुरु में आयोजित की जाएगी, जिसके नॉकआउट मैच बेंगलुरु के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में खेले जाएंगे.
एमसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को पुष्टि की कि उन्हें भारत के इस वनडे सलामी बल्लेबाज़ से कोई सूचना नहीं मिली है. अधिकारी ने कहा, जहां तक मुझे जानकारी है, कोई सूचना नहीं मिली है.
ऑस्ट्रेलिया में प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे रोहित
रोहित ने हाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में मिली जीत के दौरान नाबाद 121 रन बनाए थे, इसके बाद उन्होंने तीन मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में 73 रन की पारी खेली थी. भारत सीरीज 1-2 से हार गया लेकिन रोहित को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया.
बीकेसी स्टेडियम में ट्रेनिंग ले रहे हैं रोहित शर्मा
वहीं रोहित शर्मा एमसीए के बीकेसी स्टेडियम में नियमित रूप से ट्रेनिंग कर रहे हैं. सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भी कुछ दिन पहले ट्रेनिंग में उनके साथ शामिल हुए थे जिसके बाद वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भारतीय टीम से जुड़े थे.
रोहित और विराट कोहली टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके हैं. इन दोनों सुपरस्टार के साउथ अफ्रीका के खिलाफ 30 नवंबर से रांची में शुरू हो रही तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज के लिए भारतीय एकदिवसीय टीम का हिस्सा होने की उम्मीद है. सीरीज का दूसरा मैच तीन और तीसरा मैच छह दिसंबर को क्रमशः रायपुर और विशाखापत्तनम में खेला जाएगा.