• Home
  • News
  • No India Pakistan bilateral series in Near Future PCB is under Political Influence says former IPL Chairman Lalit Modi

IPL 2026: ललित मोदी ने खोल दी पीसीबी की कलई, बताया क्यों नहीं हो सकती भारत-पाक सीरीज

IPL के पहले चेयरमैन ललित मोदी ने कहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर राजनीति बहुत ज्यादा हावी है और ऐसे में भारत-पाक सीरीज फिलहाल तो नहीं हो सकती.

Edited By : Bharat Malhotra |Apr 16, 2026, 06:17 PM IST

Published On Apr 16, 2026, 06:17 PM IST

Last UpdatedApr 16, 2026, 06:17 PM IST

india vs pakistan series lalit modi

india vs pakistan series lalit modi

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच सीरीज नहीं होती है. दोनों टीमें सिर्फ आईसीसी टूर्नामेंट और एशिया कप में ही आमने-सामने होती हैं. पर, क्या निकट भविष्य में भारत और पाकिस्तान के बीच सीरीज होगी, यह सवाल कई फैंस के जेहन में हो सकता है. इस मुद्दे पर इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने जवाब दिया है. ललित मोदी ने कहा है कि उन्हें नहीं लगता कि भविष्य में कभी भी भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज होने की संभावना नहीं है.

ललित मोदी ने इसके पीछे की वजह भी बताई है. उनका कहना है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) पर उसके मुल्क की राजनीति का प्रभाव बहुत ज्यादा है. ललित मोदी ने कहा कि अगर बोर्ड ने ‘राजनीतिक दांव-पेच न खेले होते और इसे राजनीतिक मुद्दा न बनाया होता’, तो शायद ‘कुछ बात बन सकती थी’.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

‘PCB पर राजनीतिक दखल है बहुत ज्यादा’

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन से बात करते हुए, मोदी ने इस विचार को खारिज कर दिया कि कोई तटस्थ जगह भी दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंधों को फिर से शुरू कर सकती है. उन्होंने कहा कि असली समस्या उस चीज में है, जिसे उन्होंने पीसीबी पर बढ़ता राजनीतिक प्रभाव बताया.

ललित मोदी ने दोहराया है कि स्थिति में जल्द सुधार होने की संभावना नहीं है. ऐसे में निकट भविष्य में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज की संभावना लगभग खत्म हो जाती है. उन्होंने ‘स्टिक टू क्रिकेट’ पॉडकास्ट पर कहा, ‘मुझे डर है कि निकट भविष्य में यह संभव नहीं हो पाएगा, मुख्य रूप से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा किए गए राजनीतिकरण के कारण, और दुर्भाग्य से, स्थिति यही है.’

‘मैं ही पाकिस्तानी खिलाड़ियों को आईपीएल में लेकर आया’

ललित मोदी ने खुलकर कहा कि क्रिकेट जगत में अब फैसले आजाद होकर नहीं लिए जा रहे हैं, जिससे दोनों टीमों के बीच मैच आयोजित करने के प्रयास और भी मुश्किल हो गए हैं. उन्होंने भारत-पाकिस्तान मुकाबलों के आसपास के तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई.

ललित मोदी ने कहा, ‘मैं ही वह व्यक्ति था जो पाकिस्तानी खिलाड़ियों को आईपीएल में लेकर आया था, लेकिन 26/11 के मुंबई हमलों के बाद मुझे उन्हें हटाना पड़ा. समस्या यह है कि अगर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड आजाद होता और स्वतंत्र रूप से काम करता, अगर उस पर राजनीतिक असर न होता, तो शायद कुछ बात बन सकती थी, लेकिन आज पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर सत्ता में बैठे लोगों का इतना ज्यादा राजनीतिक असर है कि वे अपनी मर्जी चला रहे हैं और इसे राजनीतिक मुद्दा बना रहे हैं. हमारे बीच उस स्तर पर, यानी राजनीतिक स्तर पर तनाव है, और यह तनाव कम होने वाला नहीं है. यह तो और भी बदतर होता जाएगा. इसलिए मुझे खिलाड़ियों की सुरक्षा की चिंता है.’

लंबे वक्त से भारत और पाकिस्तान के बीच नहीं हुई है सीरीज

भारत और पाकिस्तान ने 2012-13 सीजन के बाद नियमित द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज खेलना बंद कर दिया था. जनवरी 2013 में पाकिस्तान के भारत दौरे के बाद, बढ़ते राजनीतिक तनाव और सुरक्षा चिंताओं के कारण द्विपक्षीय मैच रुक गए थे. तभी से, दोनों देशों ने अपने मुकाबले आईसीसी वर्ल्ड कप और एशिया कप जैसे बहु-राष्ट्रीय टूर्नामेंट तक ही सीमित रखे हैं. भारत-पाकिस्तान संबंधों के अलावा, मोदी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा न लेने के बांग्लादेश के फैसले पर भी अपनी राय दी. बांग्लादेश ने भारत आने-जाने से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं के चलते यह फैसला लिया था. उन्होंने इस कदम की आलोचना करते हुए कहा कि यह बेवजह था.

उन्होंने कहा, ‘मुझे अभी इसका कोई तुरंत हल नजर नहीं आ रहा है, और आपने देखा कि बांग्लादेश भी इसमें शामिल होने की कोशिश कर रहा था. उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था.’

BM

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick