×

'विराट कोहली को लगता है कि वो बॉस हैं, तो कोच की जरूरत नहीं'

ईरापल्ली प्रसन्ना ने साधा विराट कोहली पर निशाना

user-circle cricketcountry.com Written by Anoop Dev Singh
Last Published on - June 23, 2017 5:21 PM IST

विराट कोहली © Getty Images
विराट कोहली © Getty Images

पूर्व भारतीय आफ स्पिनर ईरापल्ली प्रसन्ना ने विराट कोहली को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अगर टीम इंडिया के कप्तान को लगता है कि वो भारतीय क्रिकेट के बॉस हैं तो फिर टीम कोच के बिना रह सकती है। प्रसन्ना से जब कोहली और भारतीय टीम के कोच पद से इस्तीफा देने वाले कुंबले के बीच मतभेदों के बारे पूछा गया तो उन्होंने सपाट शब्दों में जवाब दिया। उन्होंने पीटीआई से कहा, ‘उन्हें कोच की जरूरत क्यों है जब कप्तान ही बॉस है? मुझे तो यहां तक लगता है कि उन्हें बल्लेबाजी और फील्डिंग कोच संजय बांगड़ और आर श्रीधर की भी जरूरत नहीं है।’

ईरापल्ली प्रसन्ना ने विराट कोहली की कप्तानी क्षमताओं पर भी सवाल उठाये। उन्होंने कहा, ‘निसंदेह कोहली बहुत अच्छा खिलाड़ी है लेकिन मैं नहीं कह सकता कि वो अच्छा कप्तान है या नहीं।’ कुंबले ने चैंपियन्स ट्राफी के फाइनल में पाकिस्तान से हार के बाद मुख्य कोच पद छोड़ दिया था। उन्होंने कहा था कि कोहली को उनकी कोचिंग शैली पर
आपत्ति है और ये साझेदारी अस्थिर है। ये भी पढ़ें-‘टीम इंडिया के कोच बनने के लिए आवेदन देने वालों का अपमान कर रही है बीसीसीआई’

अनिल कुंबले के इस्तीफे पर प्रसन्ना ने कहा, ‘अगर अनिल कुंबले जैसे दिग्गज क्रिकेटर का सम्मान नहीं हो रहा है तो फिर मुझे नहीं लगता कि बांगड़ या श्रीधर में इतना दम होगा कि वे पूरे आत्मविश्वास के साथ कोहली से बात कर पाएं। इनमें से कोई भी कुंबले की तरह अनुभवी नहीं है।’ प्रसन्ना ने कहा, ‘अगर विराट कोहली जिम्मेदारी लेते हैं तो हम पुराने दिनों में लौट सकते हैं जबकि तमाम चीजों की देखभाल के लिये मैनेजर नियुक्त किया जाता था।’