×

IND vs SA: 'कोई तुक समझ नहीं आता', रवि शास्त्री का गौतम गंभीर के फैसलों पर निशाना

IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया की हालत खराब है. टीम इंडिया पहला टेस्ट हार चुकी है और दूसरे में भी उसके सामने इसका खतरा मंडरा रहा है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - November 25, 2025 12:37 PM IST

भारतीय टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री हमेशा से खुलकर अपनी बात कहने के लिए जाने जाते हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी में टीम इंडिया की जो स्थिति है उससे शास्त्री काफी नाखुश हैं. भारतीय बल्लेबाजी एक बार फिर ढह गई और शास्त्री ने इसके बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर के सिलेक्शन को लेकर तमाम सवाल उठाए. साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सेनुरम मुथ्थुस्वामी की सेंचुरी और मार्को यानसन के 91 रन की मदद से 489 रन का स्कोर बनाया. इसके जवाब में भारतीय टीम 201 रन पर सिमट गई. तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक साउथ अफ्रीका ने बिना किसी नुकसान के 26 रन बना लिए थे.

रवि शास्त्री ने उठाए टीम में बदलाव पर सवाल

भारतीय बल्लेबाजी के ऐसे खराब बल्लेबाजी से शास्त्री काफी नाराज दिखे. उन्होंने बल्लेबाजी क्रम में लगातार बदलाव पर कई सवाल उठाए. नियमित टेस्ट कप्तान शुभमन गिल इस मैच में नहीं खेल रहे हैं. वह गर्दन की चोट की वजह से बाहर हैं. भारत ने पहले टेस्ट के मुकाबले अपने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया. और रणनीति में किया गया यह बदलाव रवि शास्त्री के सिर के ऊपर से गया. साल 2023 में चेतेश्वर पुजारा के टेस्ट टीम से बाहर होने के बाद से भारतीय टीम ने नंबर तीन पर कई बदलाव किए हैं.

कोलकाता टेस्ट में वाशिंगटन सुंदर को नंबर तीन पर बैटिंग करने भेजा गया. कोलकाता में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट में सुंदर का नंबर तीन पर आना कई लोगों को हैरान कर गया. लेकिन गुवाहाटी में टीम इंडिया ने इसमें एक बड़ा बदलाव कर दिया. नंबर तीन पर साई सुदर्शन खेलने आए और सुंदर ने इस मैच की पहली पारी में 8वें नंबर पर बैटिंग की है.

भारतीय टीम को नहीं हुआ बदलाव का कोई फायदा

इस बदलाव का हालांकि भारतीय टीम को कोई फायदा नहीं हुआ. भारतीय टीम किसी तरह ही 200 रन के आंकड़े तक पहुंच पाई. शास्त्री ने कॉमेंट्री के दौरान कहा, ‘बेशक नहीं. इस बात का कोई तुक नहीं. मुझे कोई वजह समझ नहीं आती. जब वे इस सीरीज की समीक्षा करेंगे तो इनमें से कुछ फैसले उन्हें खुद हैरान करेंगे.’

कोलकाता टेस्ट के टीम सिलेक्शन पर भी बोले शास्त्री

शास्त्री ने कोलकाता टेस्ट में टीम इंडिया द्वारा चार स्पिनर्स चुने के फैसले पर भी सवाल उठाए. गौतम गंभीर के नेतृत्व वाले टीम प्रबंधन ने कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और रविंद्र जडेजा को चुना था. हैरानी की बात यह थी कि सुंदर ने पूरे मैच में सिर्फ एक ही ओवर गेंदबाजी की थी.

TRENDING NOW

शास्त्री ने कहा, ‘आपने कोलकाता में चार स्पिनर्स खेले और उनमें से एक ने सिर्फ एक ही ओवर फेंका, यहां आप एक विशेषज्ञ बल्लेबाज को चुन सकते थे. और यहां पहले टेस्ट में वाशिंगटन सुंदर को नंबर तीन पर बल्लेबाजी करवाने के बाद आप आज उसे नंबर चार पर भेज सकते थे चूंकि आपके पास आपका नंबर तीन पहले ही था. वह आठ का बल्लेबाज नहीं है. वह उससे कहीं बेहतर है.’