- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Not winning an icc title rankles me ravi shastri on 2019 world cup and wtc final 5133244
ICC टेस्ट चैंपियनशिप ना जीत पाना मेरे लिए सबसे ज्यादा निराशाजनक था: रवि शास्त्री
पूर्व कोच रवि शास्त्री ने कहा कि टीम इंडिया 2019 विश्व कप और आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप जीतने की काबिलियत रखती थी।
Published On Dec 10, 2021, 05:00 PM IST
Last UpdatedDec 10, 2021, 05:00 PM IST
भारतीय टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) के कार्यकाल में टीम इंडिया (Team India) ने कई बड़ी सफलताएं हासिल की है। टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक बने रहने के साथ साथ शास्त्री की अगुवाई में विराट कोहली (Virat Kohli) की टीम ने ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर एक के बाद एक दो ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज दर्ज की। लेकिन शास्त्री को आज भी आईसीसी टूर्नामेंट ना जीत पाने का मलाल है।
शास्त्री ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में कहा कि उन्हें 2019 विश्व कप और टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल ना जीत पाने का मलाल है चूंकि उनके मुताबिक टीम इंडिया इन दोनों ही टूर्नामेंट में जीत की प्रबल दावेदार थी।
पूर्व क्रिकेटर ने कहा, “इस टीम ने बहुत कुछ हासिल किया है। फिर भी, ये निराशा है। इस तरह की टीम के साथ हम एक या दो नहीं बल्कि तीन आईसीसी ट्रॉफी जीतने से चूके। लेकिन जो मुझे सबसे ज्यादा परेशान करती है वो है आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप। हमने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और हम लगातार पांच साल से नंबर एक थे और हम एक खराब मैच की वजह से हार के लायक नहीं थे।”
उन्होंने कहा, “हम क्वारेंटीन से गुजरे। न्यूजीलैंड बेहतर तरीके से तैयार थी। उन्होंने इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज जीती थी। हालात उनके घरेलू मैदान जैसे थे लेकिन हम कम से कम ड्रॉ कराने में सफल होने चाहिए थे। खासकर कि जब हमने शुरूआत में 60 रन पर कोई विकेट नहीं गंवाया। वो हार मुझे बहुत निराश कर गई।”
टीम इंडिया के पूर् कोच ने माना कि 2019 विश्व कप में भी भारत के पास खिताब जीतने का अच्छा मौका था। इंग्लैंड में खेले गए टूर्नामेंट में रोहित शर्मा के शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी लेकिन बारिश की वजह से दो दिन चले मुकाबले में भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा, “हमारा दूसरा सबसे अच्छा मौका 2019 विश्व कप था. मैं 2021 टी20 विश्व कप से बाहर होने पर इतना दुखी नहीं हूं, ईमानदारी से कहूं तो हम सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक नहीं हैं। लेकिन 2019 वाला टूर्नामेंट दुखी करता है। हमें जिस तरह की शुरुआत मिली और फिर मैच दो दिन तक चला।”
शास्त्री ने कहा, “लेकिन इन दो टूर्नामेंट को छोड़कर ये शानदार सफर रहा है। अगर आप 2014 में मुझे कहते के हम 2021 में यहां होंगे- आप शायद विश्व कप नहीं जीत पाएंगे लेकिन आप इतनी सारी उपलब्धि हासिल करेंगे- तो मैं कहता- मैं इसे ही चुनूंगा।”
पूर्व क्रिकेटर ने आखिर में कहा, “जब खिलाड़ियों का ये समूह खेल से संन्यास लेगा तो फिर वो पीछे मुड़कर देखेंगे और उन्हें ये एहसास होगा कि उन्होंने कितना कुछ हासिल किया है।”