- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ODI Series Against England Will be Great Opportunity for Rohit Sharma Says Sunil Gavaskar
ENG vs IND: इंग्लैंड सीरीज तो रोहित शर्मा के लिए अच्छा मौका, गावस्कर ने जताया हिटमैन पर भरोसा
सुनील गावस्कर ने कहा है कि इंग्लैंड में होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज रोहित शर्मा के लिए यह दिखाने का एक मौका होगी कि 2027 के वनडे वर्ल्ड कप में वही पारी का आगाज करेंगे.
Published On Jun 30, 2026, 11:09 AM IST
Last UpdatedJun 30, 2026, 11:09 AM IST
Sunil Gavaskar And Rohit Sharma
मुंबई: भारतीय टीम इंग्लैंड पहुंच चुकी है. यहां 1 जुलाई, बुधवार से भारत पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेलेगा. इसके बाद टीम को 3 वनडे मैच खेलने हैं. वनडे सीरीज के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली टीम इंडिया का हिस्सा हैं. महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है कि यह वनडे सीरीज रोहित शर्मा के लिए एक बहुत अच्छा मौका हो सकती है. उनका मानना है कि रोहित इस सीरीज के जरिए यह दिखा सकते हैं कि अगले साल होने वाले 50 ओवर वर्ल्ड कप में वह भारत के लिए पारी की शुरुआत करेंगे.
रोहित और विराट कोहली ने टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. वे भारत के लिए सिर्फ एक ही फॉर्मेट में खेलते हैं. भारत को 14 से 19 जुलाई के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है. गावस्कर ने कहा कि रोहित जानते हैं कि अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप में जगह बनाने के लिए उनकी स्थिति क्या है.
सोनी स्पोर्ट्स द्वारा आयोजित एक बातचीत में गावस्कर ने कहा,‘रोहित शर्मा के बारे में कब बात नहीं हुई है? रोहित शर्मा के बारे में हमेशा से बहुत बात होती रही है.’
उन्होंने कहा, ‘वह जानते हैं कि उनकी स्थिति क्या है. मुझे लगता है कि जाहिर तौर पर अहम लोगों और रोहित शर्मा के बीच साफ तौर पर जानकारी का आदान-प्रदान हुआ है. वह अच्छी तरह जानते हैं कि उनकी स्थिति क्या है और विश्व कप तक के अगले डेढ़ साल में उन्हें बस लगातार अच्छा प्रदर्शन करना है. ’
गावस्कर ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि वह ऐसे व्यक्ति हैं जो अपनी प्रतिभा और काबिलियत के कारण कोई दबाव महसूस करते हैं. इंग्लैंड (दौरा) उनके लिए यह दिखाने का बहुत अच्छा मौका है कि डेढ़ साल बाद भी वह भारत के लिए पारी का आगाज करते रहेंगे.’
गावस्कर ने कहा कि किसी भी भारतीय खिलाड़ी का आकलन कभी खत्म नहीं होता और सीनियर बल्लेबाजों को पता होता है कि उन्हें लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहना होगा.
उन्होंने कहा, ‘जब आप डेब्यू करने वाले युवा खिलाड़ी होते हैं, तो आप पर नजर रखी जाती है कि आप अंतरराष्ट्रीय (क्रिकेट के) दबाव को कैसे संभालते हैं, क्या आपमें अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा का मिजाज और काबिलियत है.’
उन्होंने कहा, ‘भारतीय क्रिकेट में ऐसा होता है कि शुरुआत से ही खिलाड़ियों पर लगातार नजर रखी जाती है और यह दबाव लगभग कभी खत्म नहीं होता. इसलिए इन खिलाड़ियों के लिए यह निगरानी या आलोचना कोई नयी बात नहीं होगी.’
उन्होंने कहा, ‘वे जानते हैं कि दबाव को कैसे संभालना है और उन्हें पता है कि एकमात्र तरीका है रन बनाते रहना, जो कैच मिलें उन्हें पकड़ना, रन-आउट करना और साथ ही कप्तान को सलाह देने के लिए तैयार रहना क्योंकि वे खुद कप्तान रह चुके हैं और उनके पास अनुभव है.’
गावस्कर ने कहा कि रोहित और कोहली के मामले में, उनकी शारीरिक क्षमताओं पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा, जिसे वे दोनों आसानी से संभाल सकते हैं.
उन्होंने कहा, ‘जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है और आप 35 साल के पार जाते हैं, तो आपके स्वभाव के बजाय आपकी शारीरिक फिटनेस पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है. उनके पास जो अनुभव है, उससे वे इसे आसानी से संभाल लेंगे.’
रोहित शर्मा का रिकॉर्ड
| मैच | पारी | रन | बेस्ट | औसत | स्ट्राइक-रेट | 100 | 50 | |
| कुल | 285 | 277 | 11720 | 264 | 48.83 | 92.97 | 33 | 62 |
| vs England | 23 | 23 | 846 | 137* | 47.00 | 90.77 | 3 | 4 |
| in England | 27 | 27 | 1428 | 140 | 64.90 | 90.78 | 7 | 7 |
| in England vs England | 10 | 10 | 410 | 137* | 58.57 | 90.30 | 2 | 2 |
इंग्लैंड में रोहित शर्मा का रिकॉर्ड देखें तो कमाल का है. यहां उन्होने 27 मैच खेले हैं और 1428 रन बनाए हैं. इंग्लैंड की धरती पर रोहित शर्मा सात शतक लगा चुके हैं. इसमें से दो उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ लगाए हैं. रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में 23 मैचों में 846 रन बनाए हैं.
एजेंसी इनपुट- भाषा