पिंक बॉल से हो वनडे क्रिकेट, 'मिडल-फॉर्मेट' को बचाने के लिए आकाश चोपड़ा की अनोखी सलाह

वनडे क्रिकेट मुश्किल में तो है. और इसे बचाने के लिए आने वाले कई सुझावों में एक आकाश चोपड़ा का भी है. चोपड़ा तो इस फॉर्मेट के लिए इस्तेमाल होने वाली गेंद ही बदलना चाहते हैं. वह नहीं चाहते कि अब वनडे क्रिकेट सफेद गेंद से खेला जाए.

Edited By : Bharat Malhotra |Jun 18, 2026, 10:23 AM IST

Published On Jun 18, 2026, 10:23 AM IST

Last UpdatedJun 18, 2026, 10:23 AM IST

नई दिल्ली: वनडे क्रिकेट के भविष्य को लेकर कई तरह के संशय उठ रहे हैं. टी20 क्रिकेट के उत्थान के बाद अगर कोई फॉर्मेट सबसे ज्यादा संघर्ष कर रहा है तो वह वनडे क्रिकेट ही है. इसे बचाने और अधिक रोचक बनाने के तमाम सुझाव समय-समय पर दिए जाते रहे हैं. सचिन तेंदुलकर इसे 25-25 ओवर की दो पारियों में बांटने की सलाह देते हैं. तो कई बार इस फॉर्मेट को 40 ओवर का करने का मशविरा भी सामने आता है. इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने भी वनडे क्रिकेट के लिए अपनी राय दी है. चोपड़ा इस फॉर्मेट के लिए गेंद का रंग बदलने की बात कहते हैं.

वनडे को रोचक बनाने के लिए चोपड़ा की सलाह

भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज के दूसरे मैच के दौरान आधिकारिक प्रसारणकर्ता के साथ बातचीत में चोपड़ा ने वनडे क्रिकेट के वर्तमान स्वरूप, भविष्य और चुनौतियों के साथ-साथ इसे रोचक, रोमांचक और चुनौतीपूर्ण बनाए रखने के लिए एक सुझाव दिया. पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा से बातचीत में चोपड़ा ने कहा कि वनडे क्रिकेट को अब गुलाबी यानी पिंक गेंद से खेला जाना चाहिए.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

पुजारा ने कहा, ‘आकाश भाई, आपको ऐसा नहीं लगता कि वनडे क्रिकेट कहीं बीच में फंस गया है. टेस्ट क्रिकेट परंपरागत रूप है. और टी20 आधुनिक और रोचक. और इस बीच वनडे है. हम बीते कुछ अर्से से इस फॉर्मेट में लोगों की रूचि थोड़ी कम होती देख रहे हैं. आपको क्या लगता है कि आखिर क्या किया जाना चाहिए.’

गुलाबी गेंद से खेला जाए वनडे क्रिकेट, कुछ अलग होगा

इस पर क्रिकेटर से कॉमेंटेटर बने चोपड़ा ने कहा, ‘देखिए टेस्ट क्रिकेट सफेद कपड़े और लाल गेंद से होता है. और वनडे व टी20 रंगीन कपड़ों और सफेद गेंद से. तो वाइट बॉल के दोनों फॉर्मेट एक जैसे लगते हैं. इन्हें एक-दूसरे से थोड़ा अलग करने की जरूरत है. तो बेहतर होगा कि वनडे को गुलाबी गेंद से खेला जाए.’

चोपड़ा ने कहा, ‘मुझे लगता है कि आप अब वनडे को गुलाबी गेंद से खेलने के बारे में सोच सकते हैं. टेस्ट क्रिकेट को गुलाबी गेंद से खेला ही जाता है. तो इसका मतलब साफ है कि गुलाबी गेंद नजर आती है और इससे क्रिकेट हो सकता है.’

उन्होंने कहा, ‘गुलाबी गेंद की अलग चुनौतियां होंगी. और इससे खेल में रोचकता आएगी. अकसर वनडे क्रिकेट को काफी धीमा भी कहा जाता है. लेकिन जब इसे गुलाबी गेंद से खेला जाएगा तो इसमें आने वाली चुनौतियां इस फॉर्मेट को काफी नयापन देंगी.’

भारत ने जीती वनडे सीरीज

भारत और अफगानिस्तान के बीच मैच की बात करें तो शुभमन गिल के 154 और ईशान किशन की 125 रनों की पारियों की बदौलत भारत ने 402 रन का बड़ा स्कोर बनाया. इसके जवाब में अफगानिस्तान की टीम 43.2 ओवर में 232 पर ऑल आउट हो गई. भारत ने इसके साथ ही तीन मैचों की सीरीज 2-0 से अजेय बढ़त बना ली.

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick