- क्रिकेट न्यूज़
- News
- One day world cup could have joint winnerssuper over not needed in odi says ross taylor 4068036
'वनडे में Super Over की जरूरत नहीं, World Cup फाइनल टाई होने पर दोनों टीमें ज्वाइंट विनर घोषित हों'
न्यूजीलैंड का सुपर ओवर में रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है, उसने सभी प्रारूपों में इस तरह के 8 में से सात अवसरों पर मैच गंवाया है
Published On Jun 26, 2020, 12:13 PM IST
Last UpdatedJun 26, 2020, 12:13 PM IST
पिछले साल इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच वर्ल्ड कप फाइनल मैच टाई छूटने और उसके बाद सुपर ओवर के भी बराबर रहने पर ‘बाउंड्री की गिनती’से इंग्लैंड को विजेता घोषित कर दिया गया था. इस नियम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की कड़ी आलोचना हुई थी. इसके बाद आईसीसी को नियम में बदलाव करना पड़ा जिसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल में विजेता निर्धारित करने के लिए लगातार सुपर ओवर खेले जाने का प्रावधान है.
न्यूजीलैंड के अनुभवी बल्लेबाज रॉस टेलर का कहना है कि 50 ओवरों के विश्व कप में मैच टाई होने पर ट्रॉफी टीमों के बीच साझा कर देनी चाहिए क्योंकि उनका मानना है कि एकदिवसीय प्रारूप में सुपर ओवर जरूरी नहीं है.
‘मैं एकदिवसीय मैचों में सुपर ओवर को लेकर अब भी दुविधा में हूं’
टेलर ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो से कहा, ‘मैं एकदिवसीय मैचों में सुपर ओवर को लेकर अब भी दुविधा में हूं. मुझे लगता है कि एकदिवसीय मैच लंबे समय तक खेला जाता है और मुझे टाई मैच को टाई के रूप में ही समाप्त करने में कोई दिक्कत नहीं है.’
उन्होंने कहा, ‘टी20 में मैच आगे जारी रखना सही है जैसे कि फुटबॉल या अन्य खेलों में होता है ताकि विजेता का निर्धारण किया जा सके लेकिन मुझे नहीं लगता कि एकदिवसीय मैचों में सुपर ओपर जरूरी है. मेरा मानना है कि संयुक्त विजेता हो सकता है.’
टेलर ने कहा, ‘विश्व कप के दौरान मैं असल में अंपायरों के पास गया और मैंने कहा कि मैच अच्छा था. मुझे नहीं पता था कि सुपर ओवर भी होगा. मैच टाई छूटा है तो उसे टाई ही रहना चाहिए. मेरा मनना है कि वनडे में आपको 100 ओवर खेलने होते हैं और अगर तब भी कोई अंत में बराबरी पर रहता है तो फिर मुझे लगता है कि टाई बुरा परिणाम नहीं है. ’
न्यूजीलैंड का सुपर ओवर में रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है. उसने सभी प्रारूपों में इस तरह के 8 में से सात अवसरों पर मैच गंवाया है.