×

इस सीरीज में बल्लेबाज सूर्या नहीं दिखा... भारतीय कप्तान ने अपने फॉर्म पर दिया बड़ा बयान

भारतीय कप्तान ने कहा, हम जिस तरह की क्रिकेट खेलना चाहते थे, वह वैसी ही थी, नतीजा हमारे सामने है.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 20, 2025 8:45 AM IST

IND VS SA 5th T20I: भारत ने पांचवें टी-20 मैच में साउथ अफ्रीका को 30 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज पर 3-1 से कब्जा किया. हालांकि इस सीरीज में कप्तान सूर्य कुमार यादव के फॉर्म को लेकर सवाल उठे. सीरीज जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने माना कि “बल्लेबाज सूर्या” कहीं गायब हो गया है और T20 वर्ल्ड कप करीब होने के कारण उसे और मजबूत होकर वापस आने की जरूरत है.

पिछले 14 महीनों से पूरी तरह से आउट ऑफ फॉर्म चल रहे सूर्या ने साउथ अफ्रीका सीरीज में चार पारियों में सिर्फ 34 रन बनाए.

‘हमें बल्लेबाज सूर्या नहीं मिला, वह कहीं गायब हो गया है’

सूर्या ने कहा कि यह एक अच्छी चुनौतीपूर्ण सीरीज थी, हमने वह किया जो हम कर सकते थे, बस एक ही बात है कि हमें बल्लेबाज सूर्या नहीं मिला, मुझे लगता है कि वह कहीं गायब हो गया है, लेकिन वह मजबूत होकर वापस आएगा. उन्होंने कहा कि एक लीडर के तौर पर, मैं सीरीज के नतीजे से बहुत खुश हूं.

‘हम जिस तरह की क्रिकेट खेलना चाहते थे, वह वैसी ही थी’

हालांकि T20 वर्ल्ड कप के बाद उनके कप्तान बने रहने की संभावना कम है, लेकिन 35 साल के खिलाड़ी एक और बाइलेटरल T20 सीरीज जीतने के बावजूद थोड़े चिंतित दिखे – इस बार साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3-1 के अंतर से जीत मिली. उन्होंने कहा कि हम जिस तरह की क्रिकेट खेलना चाहते थे, वह वैसी ही थी, नतीजा हमारे सामने है.

एशिया कप में, उन्होंने पावरप्ले में जसप्रीत बुमराह के तीन ओवर इस्तेमाल किए थे और यहां उन्होंने अपने तीन ओवर आखिरी 10 ओवरों के लिए बचाकर रखे. उन्होंने कहा कि हम बुमराह से पावरप्ले में एक ओवर, ड्रिंक्स के बाद बीच में एक ओवर और फिर आखिर में गेंदबाजी करवाना चाहते थे, हमें चुनौती मिली, लेकिन यह खेल इस बारे में है कि आप कैसे वापसी करते हैं.

प्लेयर ऑफ द मैच हार्दिक पांड्या, जिन्होंने 16 गेंदों में अर्धशतक बनाया, अपने देश के लिए एक निर्णायक मैच जीतकर बहुत खुश थे. उन्होंने कहा कि मैं प्लेयर ऑफ द मैच जीतने के लिए क्रिकेट नहीं खेलता, मैं मैच जीतने के लिए क्रिकेट खेलता हूं, जीत में योगदान देना अच्छा लगता है. हार्दिक ने कहा क मैंने अपने टीम के साथियों और पार्टनर से कहा था कि मैं पहली गेंद पर बाहर निकलकर छक्का मारूंगा, आज वह दिन था और मुझे मौके का पूरा फायदा उठाना था, जब ऐसा होता है तो अच्छा लगता है, यह काफी संतोषजनक दिन है.

TRENDING NOW

इनपुट- भाषा