- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Onus on Kuldeep to reinvent himself as lot of players chasing his heels says Doeschate
IND vs AFG: क्या यह कुलदीप के लिए वॉर्निंग है? मैच से पहले टेन डेस्काते ने टीम बैलेंस पर बड़ा बयान
कुलदीप यादव का हालिया फॉर्म अच्छा नहीं है. लेकिन टीम इंडिया के सहायक कोच ने कहा है कि वह अस्थायी फॉर्म को लेकर फिक्रमंद नहीं हैं.
Published On Jun 19, 2026, 10:08 PM IST
Last UpdatedJun 19, 2026, 10:08 PM IST
चेन्नई: क्या भारतीय टीम प्रबंधन कलाई के स्पिनर के फॉर्म को लेकर फिक्रमंद है? क्या सहायक कोच रेयान टेन डेस्काते का बयान कुलदीप के लिए कोई चुनौती है या प्रेरणा? अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के तीसरे वनडे मुकाबले में टीम इंडिया प्रयोग कर सकती है. और ऐसे में सवाल कुलदीप की प्लेइंग इलेवन में जगह को लेकर भी है. शनिवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होने वाले सीरीज के आखिरी मैच में टीम इंडिया के पास अपनी अंतिम एकादश में बदलाव की पूरी गुंजाइश है. सीरीज भारत जीत चुका है. और ऐसे में तीसरा मैच नए संयोजनों को आजमाने का अच्छा अवसर हो सकता है.
मैच की पूर्व संध्या पर टेन डेस्काते ने कहा कि वह यादव के अस्थायी रूप से खराब फॉर्म में रहने को लेकर फिक्रमंद तो नहीं हैं. लेकिन साथ ही उन्होंने कहा कि कलाई के इस स्पिनर को जबर्दस्त प्रतिस्पर्धा में आगे रहने के लिए अपनी लय हासिल करनी होगी. इस एक लाइन के कई मायने निकाले जा सकते हैं. क्या यह चुनौती है या प्रेरणा. हालांकि टेन डेस्काते ने साफ कर दिया कि वह इस स्पिनर को प्रेरित करते रहना चाहते हैं.
कुल मिलाकर हालिया फॉर्म देखा जाए तो कुलदीप का प्रदर्शन इतना भी खराब नहीं है. जनवरी 2025 के बाद से 15 वनडे में उन्होंने 22 विकेट लिए हैं. इसी दौरान टी20 क्रिकेट में 14 मैचों में भी उन्होंने 22 विकेट चटकाए. लेकिन हाल ही में खत्म हुए आईपीएल 2026 में वह उस लय में नजर नहीं आए. दिल्ली कैपिटल्स के लिये दस ही विकेट ले सके.
अब चूंकि उनका हालिया आईपीएल प्रदर्शन अच्छा नहीं था. इसी वजह से वह आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे होने वाली टी20 सीरीज के लिए फ्लाइट में जगह नहीं बुक कर पाए.
अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे से पहले टेन डोइशे ने कहा,‘उसने पिछले मैच में अच्छी गेंदबाजी की. उसने पिछले कुछ समय से लगातार नहीं खेला है और टेस्ट में भी नहीं. उसे लेकर कोई चिंता नहीं है.’
धर्मशाला में पहले मैच से बाहर रहने के बाद वह लखनऊ में दूसरे मैच में विकेट नहीं ले सके थे. टेन डोइशे ने कहा, ‘हमें हमेशा रहस्यमय स्पिनर टीम में रखना पसंद है. लेकिन जिस तरह से खेल बदल रहा है और बल्लेबाज स्पिनरों को बखूबी खेल रहे हैं , अब स्पिनरों को समय समय पर कुछ नया करना होगा.’
उन्होंने कहा, ‘कुलदीप और बाकी स्पिनरों को भी. स्पिन कोच साइराज बहुतुले को उन पर काम करना होगा. यह सभी के लिये है कि टीम में अपनी जगह बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा काफी है. टीम हमेशा खास भूमिका और संतुलन को ध्यान में रखकर चुनी जाती है.’
उन्होंने कहा, ‘मुझे कुलदीप की प्रतिभा पर संदेह नहीं है लेकिन कई खिलाड़ी टीम में जगह बनाने के लिए कतार में है. हमें उसे लगातार अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना होगा.’