- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ‘Overstepping’ coach role, led to Anil Kumble exit?
अनिल कुंबले के इस्तीफा देने की असल वजह आई सामने! पढ़िए सनसनीखेज खुलासा
पाकिस्तान से हार के बाद अनिल कुंबले ने एक खिलाड़ी को फटकारा
Published On Jun 23, 2017, 11:54 AM IST
Last UpdatedJun 23, 2017, 11:54 AM IST

टीम इंडिया के कोच अनिल कुंबले के इस्तीफे के बाद रोजाना एक से बढ़कर एक खुलासे हो रहे हैं। विराट कोहली और अनिल कुंबले के बीच तल्ख रिश्तों पर तो अबतक कई खुलासे हो चुके हैं लेकिन अब इसमें ताजा खबर ये है कि चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पाकिस्तान से करारी हार के बाद टीम इंडिया के कोच अनिल कुंबले बुरी तरह भड़क गए और उन्होंने ड्रेसिंग रूम में टीम के एक खिलाड़ी को बुरी तरह फटकार लगा दी। हालांकि इस खिलाड़ी के नाम का खुलासा अबतक कहीं सामने नहीं आया है।
जाहिर सी बात है कि कोच अनिल कुंबले पाकिस्तान से मिली 180 रनों की हार से खासा निराश थे लेकिन बीसीसीआई के एक अधिकारी का कहना है कि उनकी इस तरह की डांट का समय सही नहीं था। अधिकारी ने कहा, ‘फाइनल के बाद कुंबले ने एक खिलाड़ी को डांटा था। हर किसी चीज को करने का एक सही समय होता है, टीम हार गई थी, उसका मनोबल गिरा हुआ था और कोच ने ड्रेसिंग रूम में आकर एक खिलाड़ी को डांट दिया।’
सूत्रों के मुताबिक बीसीसीआई अधिकारी का ये भी कहना है कि कुंबले खुद को व्यक्त करने से कभी नहीं चूके लेकिन ड्रेसिंग रूम में आखिरी शब्द कप्तान का होता है और ऐसा लग रहा था कि कुंबले कप्तान के क्षेत्राधिकार में दखल दे रहे हैं जिससे चीजें बढ़ती चली गयीं और ड्रेसिंग रूम की उस डांट ने आग में घी डालने का काम कर दिया। विराट और अनिल कुंबले के बीच क्रिकेट को लेकर कोई मतभेद नहीं था ये दरअसल व्यक्तिगत टकराव था।
कोच पद से इस्तीफा दे चुके कुंबले इन घटनाक्रमों पर हालांकि टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने अपना इस्तीफा देने के बाद एक बयान जारी किया था जिसमें उन्होंने कहा था कि कप्तान विराट कोहली को उनके काम करने का तरीका पसंद नहीं है। ऐसी भी खबरें आई हैं कि कुंबले टीम के खिलाड़यिों को बच्चों की तरह डांटते थे। ये भी कहा जा रहा है कि कुंबले और विराट के बीच पिछले 6 महीनों में आमने सामने की कोई बातचीत नहीं हुई थी।
बीसीसीआई अधिकारी ने कहा, ‘कुंबले वेस्टइंडीज जाने को तैयार हो गए थे लेकिन उन्होंने शर्त रखी थी कि मतभेदों को सुलझा लिया जाए। बीसीसीआई ने तो त्रिनिदाद में टीम होटल में कुंबले के लिये कमरा भी बुक करा लिया था जहां आज (23 जून) से सीरीज की शुरूआत होनी है।’ ये भी पढ़ें: आईसीसी वनडे रैंकिंग में विराट कोहली की बादशाहत कायम
खबर ये भी है कि विराट कोहली और अनिल कुंबले के मतभेदों के बीच क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी के सदस्य वीवीएस लक्ष्मण, सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली ने कप्तान विराट कोहली से बातचीत की लेकिन सीएसी सदस्य अनिल कुंबले से नहीं मिले। मंगलवार को बीसीसीआई के साथ हुई बैठक में भी अनिल कुंबले ने कहा कि सीएसी उनसे नहीं मिलना चाहती क्योंकि उन्होंने(कुंबले) कोई गलती ही नहीं की है। कुंबले ने बीसीसीसीआई से कहा, ‘सीएसी विराट कोहली से मिली मुझसे नहीं, इसका मतलब ये है कि मैं सही हूं।’